मुजफ्फरपुर के बेला स्थित साइबर थाने में शनिवार शाम चार युवकों ने सिपाहियों पर हमला कर मारपीट की, जिसमें एक सिपाही का सिर फूट गया। साइबर डीएसपी हिमांशु शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित शेरपुर, बेला और मिठनपुरा के रहने वाले बताए गए हैं।
बताया गया कि चारों युवक शाम में बैंक खाते से जुड़ी जानकारी लेने और शिकायत करने साइबर थाना पहुंचे थे। थाने में तैनात सिपाही अतुल कुमार ने उन्हें कुछ देर इंतजार करने को कहा, क्योंकि वे एक केस के काम में व्यस्त थे। इस पर चारों युवक भड़क गए और सिपाही से विवाद करने लगे। सिपाही ने उन्हें शांत रहने की हिदायत दी, लेकिन आरोप है कि एक युवक ने कंप्यूटर का की-बोर्ड उठाकर सिपाही के सिर पर मार दिया, जिससे सिर फूट गया।
हल्ला सुनकर सिपाही नीतीश कुमार और आंचल कुमारी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि बीचबचाव करने पर चारों ने उनके साथ भी मारपीट की और थाने में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया। साइबर थाने का संचालन बेला थाना परिसर स्थित भवन से होता है, इसलिए हंगामा सुनकर बेला थाने के पुलिसकर्मी भी पहुंचे और मामला शांत कराया।
पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और घायल सिपाहियों का इलाज कराया गया है। सिपाही अतुल के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। डीएसपी हिमांशु शर्मा के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
