नारनौल की अनाज मंडी के प्रसिद्ध ड्राई फ्रूट व्यापारी महेश धरसू वाले के छिप्पी जोड़ स्थित गोदाम का शटर तोड़कर चोरों ने करीब 25 लाख रुपये का ड्राई फ्रूट चोरी कर लिया। चोर गोदाम में रखे काजू, बादाम, किशमिश सहित अन्य कीमती सामान ले गए। रविवार रात हुई इस वारदात का पता सुबह गोदाम खोलने पर चला।

सूचना मिलने पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच के नारनौल सिटी प्रधान अमित गोयल (भोजावासियां) व्यापारी के साथ सिटी थाना पहुंचे और एसएचओ से मुलाकात कर मामले में एफआइआर दर्ज करवाई। अमित गोयल ने पुलिस अधिकारियों से चोरों को जल्द गिरफ्तार करने और चोरी हुए माल की बरामदगी कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि व्यापारी महेश धरसू वाले ने वर्षों की मेहनत और ईमानदारी से ड्राई फ्रूट के कारोबार में अपनी पहचान बनाई है। ऐसे में गोदाम से लाखों रुपये का माल चोरी होना व्यापारी के लिए बड़ा आर्थिक नुकसान है। उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करने की अपील की।

वहीं, एसएचओ ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि चोरी की वारदात को सुलझाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। चोरों को शीघ्र गिरफ्तार कर चोरी हुआ माल बरामद कराने का प्रयास किया जाएगा।