भारत में 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू करने की तारीख को लेकर तत्कालीन नेतृत्व के बीच चर्चा हुई थी। कुछ लोग इस दिन को अशुभ मानते थे और तारीख बदलने की सलाह दे रहे थे, लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू इसके पक्ष में नहीं थे। संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद को लिखे एक पत्र में नेहरू ने स्पष्ट कहा था कि उन्हें ज्योतिष में विश्वास नहीं है और राष्ट्रीय कार्यक्रम ज्योतिषियों की सलाह से तय नहीं किए जाने चाहिए।

डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने नेहरू को एक व्यक्ति की चिट्ठी भेजी थी, जिसमें संविधान लागू करने के लिए दूसरी तारीख पर विचार करने का सुझाव दिया गया था। उस व्यक्ति का नाम सामने नहीं आया है। पिलानी से लिखे अपने पत्र में प्रसाद ने कहा था कि जब हम करोड़ों पुरुषों और महिलाओं के प्रतिनिधि के रूप में काम करते हैं, तो उनकी भावनाओं पर विचार न करना अनुचित हो सकता है। उन्होंने 15 अगस्त 1947 का जिक्र करते हुए बताया कि सत्ता हस्तांतरण की तारीख तय करते समय ज्योतिषियों से सलाह नहीं ली गई थी और उस समय भी कुछ लोगों ने इस तारीख को अशुभ बताया था।

जवाब में नेहरू ने कहा कि उन्हें ज्योतिष में कोई विश्वास नहीं है और वह राष्ट्रीय कार्यक्रमों को ज्योतिषियों के निर्देशों के अनुसार तय करने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी की तारीख बदलने पर काफी स्पष्टीकरण देना पड़ेगा और देश में मतभेद पैदा हो सकते हैं। नेहरू ने यह भी सवाल उठाया कि पत्र लिखने वाला व्यक्ति क्या वास्तव में करोड़ों लोगों की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करता था।

26 जनवरी की तारीख का ऐतिहासिक महत्व था, क्योंकि इसी दिन 1930 में कांग्रेस ने पूर्ण स्वराज का संकल्प घोषित किया था। संविधान सभा ने करीब तीन साल की चर्चा के बाद 26 नवंबर 1949 को संविधान को अपनाया था, जबकि इसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।