रिटायरमेंट के बाद नियमित आय सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार की अटल पेंशन योजना (APY) एक विकल्प है। इस योजना में 18 से 40 वर्ष के भारतीय नागरिक शामिल हो सकते हैं। योजना से जुड़ने के लिए बैंक या पोस्ट ऑफिस में सेविंग अकाउंट होना जरूरी है, जिसके जरिए रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। कई बैंक ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी देते हैं। हालांकि, 1 अक्टूबर 2022 से इनकम टैक्स भरने वाले लोग नया APY अकाउंट नहीं खुलवा सकते। इस तारीख से पहले योजना में शामिल हो चुके लोग अपना अकाउंट जारी रख सकते हैं।
योजना के तहत 60 साल की उम्र पूरी होने पर हर महीने ₹1000 से लेकर ₹5000 तक की गारंटीड पेंशन मिलती है। मान लीजिए आपकी उम्र अभी 30 साल है और आप 60 साल के बाद हर महीने ₹5000 पेंशन चाहते हैं, तो आपको अगले 30 साल तक नियमित योगदान करना होगा। योजना में मासिक, तिमाही और छमाही आधार पर किस्त जमा करने का विकल्प मिलता है। मासिक विकल्प में हर महीने ₹577 जमा करके 30 साल में कुल ₹2,07,720 का योगदान करना होगा। तिमाही विकल्प में कुल ₹2,06,400 और छमाही विकल्प में ₹2,04,300 जमा करने होंगे। 60 साल की उम्र पूरी होने पर हर महीने ₹5000 की पेंशन मिलनी शुरू हो जाएगी।
अटल पेंशन योजना में खाताधारक को जीवनभर पेंशन मिलती है। अगर पेंशन पाने वाले व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है, तो उसके पति या पत्नी को वही पेंशन मिलती रहेगी। पति और पत्नी दोनों की मृत्यु के बाद योजना में जमा पेंशन कॉर्पस की रकम नॉमिनी को दी जाती है। ₹5000 मासिक पेंशन वाले विकल्प में नॉमिनी को ₹8.5 लाख मिलते हैं।
