महाराष्ट्र के नागपुर में एक रैली के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) प्रमुख अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इतिहास में उनका नाम दर्ज कराने के लिए धन्यवाद। दरअसल, वह अक्टूबर में दिल्ली में विमान से हिरासत में लिए जाने का जिक्र कर रहे थे। सीजेपी ने एक बार फिर भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के काम करने के तरीके पर विरोध दर्ज कराना शुरू कर दिया है।
दीपके ने तंज कसा कि उन्हें, सौरभ दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई इतिहास में दर्ज हो गई है। उन्होंने विमान से हिरासत में लिए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह, आशु और सौरभ शायद इस देश के इतिहास में पहले तीन ऐसे लोग हैं जिन्हें सीधा विमान से उठाया गया था। उन्होंने कहा कि अब लग रहा है कि उन्होंने हिस्ट्री बना दी है। सीजेपी प्रमुख ने कहा कि बाकी कुछ हो न हो, यूपीएससी में यह जरूर आएगा कि वे पहले तीन भारतीय लोग कौन थे, जिन्हें प्लेन से उठाया गया था। उन्होंने कहा, 'थैंक यू मोदी जी, इतिहास में हमारे नाम का जिक्र हो जाएगा।' दीपके ने कहा कि प्लेन से उठाना मतलब इतना डर कि ये लोग बाहर आ गए तो पता नहीं क्या हो जाएगा।
अक्टूबर में जब सीईसी के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया गया था, तब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की थी। बड़ी संख्या में पार्टी समर्थकों को हिरासत में लिया गया था। वहीं, तीनों शीर्ष नेताओं को विमान से हिरासत में लिए जाने की खबरें सामने आई थीं। बाद में उन्हें शांति बॉन्ड पर साइन के बाद रिहा कर दिया गया था।
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को केंद्र सरकार, दीपके, दास, रांका समेत कुछ अन्य लोगों को नोटिस जारी किए हैं। दरअसल, लॉयर्स वॉयस नाम के वकील संगठन ने याचिका दी थी, जिसमें सार्वजनिक प्रदर्शनों और विरोध प्रदर्शनों के लिए एक समान दिशा निर्देश और एसओपी तैयार करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है। याचिका में कहा गया है कि असहमति जताना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन विरोध-प्रदर्शन कानूनी दायरे में होने चाहिए और इनके कारण राजधानी का जनजीवन ठप नहीं होना चाहिए। साथ ही, वकीलों की आजीविका भी प्रभावित नहीं होनी चाहिए। याचिका में सीजेपी का भी जिक्र है। याचिका में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस ने आयोजकों की ओर से दिए गए आश्वासन के आधार पर 'एक बार की विशेष छूट' देते हुए कॉजपा को छह जून, 2026 को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक जंतर-मंतर पर धरना देने की अनुमति दी थी। याचिका के अनुसार, 20 जून, 2026 को भी केवल एक दिन के लिए सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक प्रदर्शन की अनुमति मांगी गई और दी गई थी, लेकिन तय समय सीमा समाप्त होने के बाद भी प्रदर्शन बंद नहीं किया गया। इसके अलावा अक्टूबर में हुए प्रदर्शन का भी जिक्र किया गया है। वकीलों के संगठन का कहना है कि 7 अक्टूबर को दास ने पत्र दिया था, जिसमें 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी गई थी। याचिका के मुताबिक, 'दिल्ली पुलिस ने नौ अक्टूबर को यह कहते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया कि प्रस्तावित कार्यक्रम से महज तीन दिन पहले सूचना दी गई थी, जबकि इसके लिए 10 दिन पहले सूचना देना निर्धारित है।' याचिका में बताया गया है कि अनुमति नहीं मिलने के बाद भी लोगों से जुटने की अपीलें जारी रहीं।
