जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बढ़ाने के लिए भारत एक और एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम तैनात करने जा रहा है। एक अधिकारी के मुताबिक, भारतीय वायुसेना की एक टीम जल्द ही रूस जाएगी और फरवरी 2027 तक यह सिस्टम जम्मू-कश्मीर में तैनात कर दिया जाएगा। यह सिस्टम 740 किलोमीटर की सीमा पर सुरक्षा देगा। इसे सुदर्शन चक्र के नाम से जाना जाता है।

बताया जा रहा है कि पंजाब, राजस्थान, गुजरात और असम में एस-400 सिस्टम पहले से तैनात हैं। असम में यह सिस्टम अरुणाचल प्रदेश से सटी 1126 किलोमीटर की अंतरराष्ट्रीय सीमा की निगरानी के लिए लगाया गया है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान एस-400 ने पाकिस्तान के इरादों को विफल करने में अहम भूमिका निभाई थी। माना जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर में तैनाती से पाकिस्तानी आतंकियों पर भी दबाव बढ़ेगा।

अधिकारी के अनुसार, भारत आने वाले कुछ वर्षों में पांच और एस-400 डिफेंस सिस्टम खरीदने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा रूस से अनमैन्ड कॉम्बैट एयर सिस्टम और कैमिकेज ड्रोन समेत कई रक्षा उपकरण खरीदने की योजना है। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन पाकिस्तान की सेना को मजबूत करने के लिए उसे जे-35 विमान देने की योजना बना रहा है, जबकि भारत रक्षा उपकरणों में आत्मनिर्भरता बढ़ाने और आधुनिक हथियारों के उत्पादन पर जोर दे रहा है।