नोएडा के सेक्टर-136 स्थित एक फर्जी कॉल सेंटर में 164 विदेशी नागरिकों को बंधक बनाकर जबरन साइबर ठगी कराने का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के बाद सेक्टर-126 थाना पुलिस ने उस पीजी मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है, जहां इन विदेशी नागरिकों को रखा जाता था। जांच में पीजी मालिक की सिंडिकेट के साथ संलिप्तता सामने आई है। पीजी जुलाई में किराए पर लिया गया था और चार महीने से इन नागरिकों को वहां रखा जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, इन विदेशी नागरिकों को एक रिटन स्क्रिप्ट दी जाती थी, जिससे वे अपने ही देश के लोगों से ठगी करते थे। रोजाना रात में कैब के जरिए इन्हें सेक्टर-136 और सेक्टर-143 से सेक्टर-126 थाना क्षेत्र स्थित पीजी लाया जाता था। सिंडिकेट के मास्टरमाइंड ने नोएडा में लाखों रुपये महीने के किराए पर तीन पीजी ले रखे थे। विदेशी नागरिकों पर कड़ी निगरानी रखी जाती थी और उन्हें बाहरी लोगों से बातचीत या मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं थी।

कार्रवाई के दौरान 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 26 लैपटॉप, दर्जनों सिम कार्ड और 150 से अधिक पासपोर्ट बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ पुरुषों को महिलाओं की तरह बात करने की ट्रेनिंग दी गई थी, ताकि फोन पर लोगों का भरोसा जीतकर ठगी की जा सके। इस नेटवर्क में महिलाओं सहित 19 से 25 साल तक के युवा शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, नेटवर्क में शामिल दो भारतीय नागरिक विदेश भाग गए हैं। सुनील कुमार और सुशील कुमार नाम के दो भारतीय हैंडलर्स की भूमिका भी सामने आई है, जिनके बैंक खातों की जानकारी मिली है। इन अकाउंट्स का इस्तेमाल नेटवर्क के ठिकानों के किराए और दूसरे ऑपरेशन संबंधी खर्चों के भुगतान के लिए किया जाता था।

मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक मलेशियाई नागरिक ने ईमेल के जरिए दिल्ली पुलिस को अपने साथ हो रहे शोषण और जबरन साइबर फ्रॉड कराए जाने की जानकारी दी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की और मानव तस्करी तथा साइबर फ्रॉड के इस बड़े नेटवर्क का पता चला। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने दो दिन पहले गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट के अधिकारियों से संपर्क किया, जिसके बाद करीब दो दिन तक कार्रवाई चली और 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया गया। क्राइम ब्रांच सभी को अपने साथ दिल्ली ले गई। जांच में सामने आया कि नेटवर्क से जुड़े लोग मलेशिया, इंडोनेशिया और कंबोडिया के युवाओं को बिजनेस वीजा पर भारत बुलाते थे और उन्हें अच्छी सैलरी का लालच दिया जाता था। नोएडा पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है और जिस बिल्डिंग में विदेशी नागरिकों को रखा गया था, उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की बात कही जा रही है।