दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत झारसुगुड़ा यात्री यार्ड के पुनर्विकास और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते नवंबर के अंतिम सप्ताह से दिसंबर के मध्य तक रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। आसनसोल रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी ने गुरुवार शाम प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इस मेगा ब्लॉक के कारण आसनसोल-जसीडीह रेलखंड से गुजरने वाली 12 एक्सप्रेस ट्रेनें अलग-अलग तिथियों में पूरी तरह रद रहेंगी, जबकि चार ट्रेनों का परिचालन गंतव्य से पहले ही समाप्त या प्रारंभ किया जाएगा।
विज्ञप्ति के अनुसार, 17007 चार्लापल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस 28 नवंबर तथा 5, 8 और 12 दिसंबर को रद रहेगी, जबकि वापसी में 17008 दरभंगा-चार्लापल्ली एक्सप्रेस 1, 8, 11 और 15 दिसंबर को नहीं चलेगी। 12376 जसीडीह-तांबरम एक्सप्रेस 25 नवंबर और 2 दिसंबर को तथा 12375 तांबरम-जसीडीह एक्सप्रेस 28 नवंबर और 5 दिसंबर को रद रहेगी। इसी तरह 17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस 7 और 14 दिसंबर को तथा 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस 10 और 17 दिसंबर को रद की गई है।
इसके अलावा 22843 बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस 11 दिसंबर, 22844 बक्सर-बिलासपुर एक्सप्रेस 12 दिसंबर, 17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस 10 दिसंबर, 17006 रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस 13 दिसंबर, 17321 वास्को द गामा-जसीडीह एक्सप्रेस 11 दिसंबर तथा 17322 जसीडीह-वास्को द गामा एक्सप्रेस 14 दिसंबर को अपने प्रारंभिक स्टेशन से रद रहेंगी।
चार ट्रेनों के मार्ग में आंशिक कटौती भी की गई है। 13288 आरा-दुर्ग एक्सप्रेस 28 नवंबर तथा 4 से 15 दिसंबर तक राउरकेला तक ही जाएगी, जबकि वापसी में 13287 दुर्ग-आरा एक्सप्रेस 29 नवंबर तथा 5 से 16 दिसंबर तक दुर्ग के बजाय राउरकेला से ही आरा के लिए प्रस्थान करेगी। इसी तरह 15028 गोरखपुर-संबलपुर एक्सप्रेस 30 नवंबर, 6 दिसंबर और 8 से 15 दिसंबर तक हटिया में ही समाप्त होगी, वहीं 15027 संबलपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस 1 दिसंबर, 7 दिसंबर और 9 से 16 दिसंबर तक संबलपुर के स्थान पर हटिया से ही गोरखपुर के लिए रवाना होगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले एनटीईएस या हेल्पलाइन नंबर 139 के जरिए अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की पुष्टि कर लें।
