नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह रविवार को अपनी पहली भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। केंद्रीय वाणिज्य राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। यात्रा का पहला आधिकारिक कार्यक्रम विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ बैठक रहा, जिसके बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा कि भारत नेपाल के साथ अपनी विशेष मित्रता को संजोकर रखता है। नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने कनेक्टिविटी, व्यापार, ट्रांजिट, वाणिज्य, ऊर्जा, संस्कृति, शिक्षा और लोगों के आपसी संपर्क सहित द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।

सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शाह की पहली आमने-सामने की मुलाकात होगी। दोनों नेताओं के बीच पहले फोन पर बातचीत और सोशल मीडिया के जरिए संदेशों का आदान-प्रदान हो चुका है। इस वार्ता से आने वाले वर्षों के लिए द्विपक्षीय साझेदारी की रूपरेखा तय होने और ऊर्जा, कनेक्टिविटी, रेलवे, बुनियादी ढांचे, तकनीक, मानव संसाधन विकास तथा जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है। यह शाह की पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है।

मामले से जुड़े लोगों के मुताबिक, दोनों प्रधानमंत्री भारत के सहयोग से पूरी हो चुकी कनेक्टिविटी और ऊर्जा परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन करेंगे और कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। विकास सहयोग, जलविद्युत, रेलवे, जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन और तकनीक सहित कई क्षेत्रों में दूरगामी समझौते किए जाएंगे। अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल लिंक का भी अनावरण होने की उम्मीद है।

शाह के साथ 35 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भारत आया है, जिसमें विदेश मंत्री शिशिर खनाल, वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, प्रधानमंत्री के वरिष्ठ सलाहकार और कारोबारी प्रतिनिधि शामिल हैं। दौरे में नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का भी आयोजन होगा। जानकारों के अनुसार, जहां भारतीय पक्ष ने द्विपक्षीय संबंधों के दीर्घकालिक विकास के लिए एक जॉइंट विजन का प्रस्ताव रखा है, वहीं नेपाल ने 2 अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज की मांग की है, जिसमें अगस्त में भोटे कोसी नदी में आई बाढ़ से तबाह इलाकों के पुनर्निर्माण के लिए 1 अरब डॉलर का अनुदान और सहायता राशि शामिल है। नेपाल ने काठमांडू-महेंद्रनगर एयर कॉरिडोर को दोनों तरफ से खोलने की भी मांग की है।