भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा मजबूत करने और दुर्घटनाओं के दौरान तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को नए दिशानिर्देश जारी किए। इनके तहत किसी भी राष्ट्रीय राजमार्ग खंड को यातायात के लिए खोलने से पहले घटना प्रबंधन सेवाओं (आईएमएस) की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। दिशानिर्देशों का लक्ष्य दुर्घटना, वाहन खराब होने और अन्य आपातकालीन स्थितियों में यात्रियों को समय पर मदद पहुंचाना है, जिसमें एंबुलेंस, रूट पेट्रोलिंग वाहन और टो-अवे क्रेन की व्यवस्था शामिल है।
एनएचएआई के अनुसार, पहले से संचालित राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटनाओं के आंकड़ों और संबंधित मार्ग की जरूरत के आधार पर टोल प्लाजा या अन्य उपयुक्त स्थानों पर एंबुलेंस तैनात की जाएंगी। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा एनएचएआई को सौंपे गए राजमार्गों पर एंबुलेंस की तैनाती केंद्रीय एजेंसी के माध्यम से होगी, जबकि रूट पेट्रोलिंग वाहनों और टो-अवे क्रेन की व्यवस्था अलग-अलग निविदाओं अथवा राजमार्ग रखरखाव कार्यों के तहत की जाएगी।
जो राष्ट्रीय राजमार्ग एनएचएआई को सौंपे नहीं गए हैं, लेकिन जहां टोल वसूली प्राधिकरण करता है, वहां घटना प्रबंधन सेवाओं की तैनाती मंत्रालय द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार होगी। इन मार्गों पर एंबुलेंस की व्यवस्था संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय के समन्वय से की जाएगी।
इन सेवाओं को एनएचएआई की राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन 1033 से भी जोड़ा जाएगा, साथ ही स्थानीय पुलिस, अग्निशमन विभाग और अस्पतालों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। एनएचएआई का मानना है कि इस पहल से आपातकालीन परिस्थितियों में राहत कार्य तेज होंगे और देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा बेहतर होगी।
