पंजाब में विदेश से संचालित आतंकी और गैंगस्टर नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) अपनी रणनीति बदल रही है। एजेंसी अब प्रत्यर्पण के बजाय डिपोर्टेशन के रास्ते हैप्पी पासिया और अर्शदीप सिंह डल्ला को भारत लाने पर विचार कर रही है। एनआईए के सूत्रों के मुताबिक, दोनों वांछित आरोपित भारतीय नागरिक हैं, इसलिए संबंधित देशों से उनका डिपोर्टेशन कराने की संभावना तलाशी जा रही है। एजेंसी को उम्मीद है कि अगले साल तक इस दिशा में सकारात्मक नतीजा मिल सकता है।
एजेंसी का मानना है कि प्रत्यर्पण की तुलना में डिपोर्टेशन की प्रक्रिया अपेक्षाकृत तेज हो सकती है। प्रत्यर्पण में संबंधित देश की अदालतों में लंबी कानूनी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है और आरोपितों को अपना पक्ष रखने का अवसर भी मिलता है, जिससे मामला वर्षों तक खिंच सकता है। डिपोर्टेशन मुख्य रूप से संबंधित देश की सरकार का कार्यकारी फैसला होता है। हालांकि, अंतिम फैसला वहां के कानूनों और सरकार की सहमति पर निर्भर करेगा।
हैप्पी पासिया को अप्रैल 2025 में अमेरिका में गिरफ्तार किया गया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, उसका नाम पंजाब में कम से कम 16 आतंकी हमलों से जुड़ा है और उस पर पुलिस थानों व अन्य ठिकानों पर ग्रेनेड हमले करवाने का आरोप है। एजेंसियों को उसके पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ और प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल से संपर्क होने का भी संदेह है। वहीं, मोगा जिले के डल्ला गांव निवासी अर्शदीप सिंह डल्ला 2020 में स्टडी वीजा पर कनाडा गया था और वहां से अपना नेटवर्क संचालित कर रहा था। खालिस्तान समर्थक आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद उसने प्रतिबंधित खालिस्तान टाइगर फोर्स की कमान संभाली थी। एनआईए के मुताबिक, वह कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे में अपने परिवार के साथ रह रहा है।
एजेंसियों का मानना है कि दोनों की भारत वापसी से पंजाब में सक्रिय नेटवर्क के संचालन, फंडिंग और स्थानीय संपर्कों को लेकर अहम जानकारियां मिल सकती हैं। उल्लेखनीय है कि सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के प्रमुख साजिशकर्ताओं में शामिल गोल्डी बराड़ कनाडा के 25 सर्वाधिक वांछित भगुड़ों की सूची में शीर्ष पर है और उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी सूचना देने वाले के लिए 2.50 लाख डॉलर के इनाम की घोषणा की गई है। अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई भी उसे अपनी दस सर्वाधिक वांछित भगुड़ों की सूची में शामिल कर चुकी है।
