गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में शनिवार को नए पुलिस आयुक्तों ने कार्यभार संभाल लिया। 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी जे. रविंदर गौड ने गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट की कमान संभाली, जबकि लक्ष्मी सिंह ने गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। दोनों अधिकारियों ने कार्यभार संभालने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बेहतर पुलिसिंग और आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया।

जे. रविंदर गौड शनिवार दोपहर करीब तीन बजे सेक्टर-108 स्थित गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्होंने पदभार ग्रहण किया और कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिले की भौगोलिक स्थिति, पुलिसिंग, यातायात व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

गाजियाबाद में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर कार्यभार संभाला। पूर्व पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड से पदभार लेने के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने शहर में यातायात व्यवस्था सुगम बनाने और बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही महिला अपराधों में त्वरित कार्रवाई, दिल्ली सीमा पर सतर्कता बढ़ाने, गोतस्करी पर अंकुश लगाने और पुराने अपराधियों की निगरानी पर जोर दिया।

जे. रविंदर गौड तेलंगाना के महबूबनगर के रहने वाले हैं और उत्तर प्रदेश कैडर के 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में परास्नातक की पढ़ाई की है। करीब दो दशक के पुलिस करियर में उन्होंने प्रदेश के कई जिलों और पुलिस इकाइयों में अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। वर्ष 2013 में उन्होंने लखनऊ के एसएसपी के रूप में जिम्मेदारी निभाई, जबकि गोरखपुर रेंज में डीआईजी और आईजी रहे। लखनऊ में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) में भी डीआईजी की जिम्मेदारी संभाली। जनवरी 2024 से वह आगरा और गाजियाबाद के बाद लगातार तीसरी बार पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वर्ष 2020 में गौतमबुद्ध नगर का पुलिस कमिश्नरेट बनने के बाद वह जिले के तीसरे पुलिस आयुक्त हैं। हाइटेक शहर की पुलिस व्यवस्था संभालने के साथ उनके सामने साइबर अपराध, यातायात प्रबंधन, कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण जैसी चुनौतियां रहेंगी। साथ ही थानों और चौकियों पर पहुंचने वाले फरियादियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और पुलिसिंग को अधिक विश्वसनीय व सरल बनाना भी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

गाजियाबाद में लक्ष्मी सिंह के कार्यभार संभालने के बाद आने वाले दिनों में कई थानों में नए प्रभारियों की तैनाती होने की संभावना है। जिले के कई थानों के वर्तमान प्रभारी गैर जनपद स्थानांतरित हो चुके हैं और उनके रविवार या सोमवार तक रवाना होने की संभावना है। ऐसे में खाली होने वाले थानों में नए प्रभारियों की नियुक्ति की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, नई पुलिस आयुक्त के सामने कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की जिम्मेदारी होगी।