यमुना तटबंध के किनारे प्रस्तावित एलिवेटेड रोड को लेकर सोमवार को लखनऊ में अहम बैठक होगी। अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार नोएडा प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग और परियोजना से जुड़े अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ इसकी समीक्षा करेंगे। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी भी शामिल होंगे।
यह एलिवेटेड रोड नोएडा के सेक्टर-94 से सेक्टर-150 तक बनाई जाएगी। सेक्टर-150 से आगे इसे यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-23 सी तक जोड़ने और नोएडा एयरपोर्ट से संपर्क देने का प्रस्ताव है। नोएडा क्षेत्र में इसकी लंबाई करीब 27 किलोमीटर होगी। सड़क को यमुना तटबंध के किनारे सिंचाई विभाग की जमीन पर बनाया जाना है।
औद्योगिक विकास आयुक्त ने सितंबर में परियोजना का प्रस्तुतिकरण देखा था। अब वे इसकी प्रगति की जानकारी लेंगे और निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने पर चर्चा करेंगे। परियोजना के लिए सिंचाई विभाग की जमीन पर निर्माण की एनओसी जरूरी है। एनएचएआई इसकी विस्तृत कार्ययोजना (डीपीआर) तैयार कर रहा है।
सिंचाई विभाग की जमीन के अतिरिक्त निर्माण के लिए जितनी जमीन की जरूरत होगी, उसे प्राधिकरण अधिग्रहित करेगा या उसकी कीमत देगा। प्राधिकरण महाप्रबंधक एके अरोड़ा ने बताया कि सोमवार की बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
