नोएडा के सेक्टर-36, 12, 37, 151, 117, 71 और 72 समेत कई इलाकों में जनगणना की स्व-गणना प्रक्रिया के तहत लोगों को ऑनलाइन फॉर्म भरने में परेशानी हो रही है। फॉर्म में कुल 40 सवाल पूछे जा रहे हैं, जिनमें कई सवालों की जानकारी लोगों को स्पष्ट नहीं है। इस कारण लोग अकेले फॉर्म भरने के बजाय एक-दूसरे के साथ बैठकर सवालों को समझ रहे हैं और स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। एक सेक्टर में करीब 50 से 60 लोग एक साथ बैठकर फॉर्म भर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि फॉर्म में पूछी गई कई जानकारियों को लेकर असमंजस है। कुछ सवालों का मतलब समझने में दिक्कत हो रही है, जबकि कुछ जानकारियां जुटाने में समय लग रहा है। इसी वजह से लोग सामूहिक रूप से बैठकर एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं। नोएडा के अन्य सेक्टरों में भी लोग इसी तरह स्व-गणना कर रहे हैं। लोगों का यह भी कहना है कि यदि फॉर्म भरने की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया जाए और जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए तो उन्हें आसानी होगी।
इस बीच, नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया जारी है। रविवार को भी सेक्टर 55, 36, 12, 37, 151, 117 और 72 समेत कई इलाकों में बीएलओ बूथों पर मौजूद रहे। हालांकि, अभियान के दौरान मतदाताओं को अब भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रेटर नोएडा में एसआईआर अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, पते में बदलाव और गलतियों को ठीक कराने के लिए रविवार को मतदान केंद्रों पर भारी भीड़ रही। निर्वाचन अधिकारी ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अभियान का जायजा लिया और मतदाताओं से संवाद कर उन्हें जागरूक किया। सेक्टर अल्फा-1 स्थित सेंट जोसेफ स्कूल और सेक्टर बीटा-2 स्थित फादर एग्नेल स्कूल मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए रविवार को सेक्टर डेल्टा स्थित मॉडर्न स्कूल में विशेष शिविर लगाया गया। एसडीएम सदर आशुतोष कुमार गुप्ता ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और विवरणों में सशोधन का काम पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। शिविर में चारों बूथों के बीएलओ मौजूद रहे। बड़ी संख्या में सेक्टरवासी मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांचने तथा गलतियों को ठीक कराने पहुंचे। इस दौरान नाम, पता, उम्र, लिंग और फोटो संबंधी त्रुटियों को दूर करने के लिए आवेदन लिए गए। मंडल के मीडिया एग्जीक्यूटिव भगवत प्रसाद शर्मा ने बताया कि 28 और 29 नवंबर को निर्धारित मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगेंगे।
