नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) को कॉरपोरेट बॉन्ड सूचकांकों पर वायदा अनुबंध शुरू करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से अनापत्ति प्रमाणपत्र मिल गया है। एक्सचेंज ने बृहस्पतिवार को बयान में यह जानकारी दी। इससे देश के निश्चित आय वाले बाजार में नए डेरिवेटिव उत्पाद शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।

NSE को इससे पहले भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से भी इसी तरह का अनापत्ति प्रमाणपत्र मिल चुका है। एक्सचेंज ने कहा कि वह लागू नियामकीय रूपरेखा के तहत इन अनुबंधों को शुरू करने के लिए जरूरी परिचालन संबंधी तैयारी करेगा। अनुबंधों की विशेषताओं और कारोबार शुरू होने की तारीख की जानकारी अलग से दी जाएगी।

प्रस्तावित कॉरपोरेट बॉन्ड सूचकांक वायदा बाजार भागीदारों को कॉरपोरेट बॉन्ड के मूल्य में उतार-चढ़ाव से जुड़े जोखिम के प्रबंधन के लिए पारदर्शी और मानकीकृत शेयर बाजार-आधारित साधन उपलब्ध कराएंगे। इनमें ब्याज दरों और ऋण जोखिम के अंतर में बदलाव से होने वाले उतार-चढ़ाव भी शामिल हैं। इन अनुबंधों से निवेश पोर्टफोलियो के स्तर पर हेजिंग, कॉरपोरेट बॉन्ड बाजार की दिशा को लेकर निवेश का रुख अपनाने और पोर्टफोलियो के अधिक प्रभावी प्रबंधन में मदद मिलने की उम्मीद है। यह नया उत्पाद निश्चित आय वाले एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) और अन्य निष्क्रिय ऋण निवेश उत्पादों के बढ़ते दायरे को भी पूरक बनाएगा।

NSE के मुख्य कारोबार विकास अधिकारी श्रीराम कृष्णन ने कहा कि कॉरपोरेट बॉन्ड सूचकांक वायदा की शुरुआत इस दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम होगी। इससे तेजी से बढ़ते बॉन्ड बाजार और प्रभावी शेयर बाजार-आधारित निवेश एवं जोखिम प्रबंधन साधनों की उपलब्धता के बीच की खाई को पाटने में मदद मिलेगी।