खंडवा के ओंकारेश्वर में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गौमुख घाट से मां नर्मदा सेवा परिक्रमा की शुरुआत की। यह परिक्रमा दादा गुरु करवा रहे हैं, जिनके साथ सैकड़ों लोग मां नर्मदा की परिक्रमा करेंगे। इस अवसर पर सीएम यादव ने विधि-विधान से मां नर्मदा की पूजा और आरती की तथा मां नर्मदा को विशाल चुनरी ओढ़ाई।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि कई जन्मों के पुण्य के बाद मानव योनि से देव मार्ग पर चलने का अवसर मिलता है। हमने भगवान को नहीं देखा, लेकिन उनकी सत्ता को महसूस करते हैं, जैसे हवा नहीं दिखती पर उसके अस्तित्व को कोई नकार नहीं सकता। उन्होंने कहा कि सूर्य की किरणों में सात रंग होते हैं, जो बिना प्रिज्म के दिखाई नहीं देते; इसी तरह दादा गुरु ईश्वर की ताकत का अहसास कराते हैं।

उन्होंने कहा कि पिंड की ताकत को भोजन, पानी और वायु में ढूंढना भ्रम है। शरीर ईश्वर ने नियम-तप के लिए दिया है और जितने समय तक वह इसे देता है, उसे न कोई छीन सकता है और न ही दे सकता है। सीएम ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि दादा गुरु के माध्यम से उन ऋषि-मुनियों को देखा, जिनके जरिये ईश्वर से संवाद संभव है।

सीएम यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सनातन की शक्ति पूरी दुनिया में अलग ही दिखाई दे रही है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के 21वीं सदी भारत की होने वाले कथन का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र दुनिया को भारत की शक्ति और भक्ति दिखा रहे हैं। परिक्रमा करने जा रहे नागरिकों को मंगलकामना देते हुए उन्होंने कहा कि यह आराधना का पथ है और दादा गुरु के साथ यह यात्रा सरलता से पूरी होगी। दादा गुरु पांचवीं बार इस यात्रा की ओर कदम बढ़ा रहे हैं और वे पंचपरमेश्वर का स्वरूप हैं। सीएम ने कहा कि इस यात्रा से सद्भाव पैदा होगा और सद्भाव से देवता प्रसन्न होंगे।