पिछले साल जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंकियों से बरामद 'गोप्रो' कैमरे के बारे में चीन से जानकारी मांगी थी, लेकिन सालभर बीतने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला है। NIA के महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार (20 नवंबर) को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों के पास से अमेरिका में बना GoPro Hero 12 Black कैमरा बरामद हुआ था। अग्रवाल ने कहा कि अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है, लेकिन जांचकर्ताओं ने कुछ फोरेंसिक सबूत जुटा लिए हैं।
जांच के दौरान NIA ने कैमरे के मूल स्रोत और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए अमेरिकी निर्माता कंपनी गोप्रो से संपर्क किया था। कंपनी ने बताया कि यह कैमरा मूल रूप से चीन के एक अधिकृत कमर्शियल डिस्ट्रीब्यूटर 'AE ग्रुप इंटरनेशनल लिमिटेड' को सप्लाई किया गया था और यह डिवाइस 30 जनवरी, 2024 को चीन के डोंगगुआन में एक्टिवेट हुआ था। कंपनी के पास इसके बाद के लेन-देन या अंतिम उपयोगकर्ता का कोई रिकॉर्ड नहीं है।
जम्मू की एक विशेष अदालत को बताया गया कि माना जा रहा है कि इस डिवाइस का इस्तेमाल आतंकी मॉड्यूल ने हमले से पहले रेकी और तैयारियों से जुड़े काम के लिए किया। चूंकि भारत और चीन के बीच कोई द्विपक्षीय 'म्यूचुअल लीगल असिस्टेंस ट्रीटी' (MLAT) नहीं है, इसलिए अनुरोध पर कानूनी और राजनयिक माध्यमों से कार्रवाई की जा रही है। गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद अदालत ने 2 मार्च को 'लेटर ऑफ रोगेटरी' के जरिए चीनी न्यायिक अधिकारियों से मदद मांगने की अनुमति दी थी।
जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह कैमरा चीनी वितरक से लश्कर-ए-तैयबा के हैंडलर्स तक कैसे पहुंचा। अधिकारियों के अनुसार, इस आशंका की भी जांच की जा रही है कि ये उपकरण पाकिस्तानी सेना ने हासिल किए थे और बाद में आतंकी समूहों को सौंप दिए थे।
