पहलगाम आतंकी हमले की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को अमेरिकी निर्माता कंपनी के GoPro कैमरे और चीनी हथियारों से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। NIA के महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि भारत ने कैमरे के संबंध में चीन से आधिकारिक जानकारी मांगी थी, लेकिन बीजिंग की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं आया है। उन्होंने कहा कि एजेंसी के पास कुछ फोरेंसिक सबूत मौजूद हैं। भारत और चीन के बीच कोई म्यूचुअल लीगल असिस्टेंस ट्रीटी नहीं है, इसलिए ऐसे मामलों में जानकारी के लिए राजनयिक चैनलों का सहारा लेना पड़ता है।
यह GoPro कैमरा जुलाई 2025 में श्रीनगर के बाहरी इलाके दाचीगाम के जंगलों में हुई मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादियों के पास से बरामद हुआ था। जांच के दौरान NIA ने डिवाइस की बिक्री का इतिहास जानने के लिए अमेरिकी कंपनी गो-प्रो इंक से संपर्क किया। कंपनी ने बताया कि यह कैमरा सबसे पहले चीन में एक अधिकृत कमर्शियल डिस्ट्रीब्यूटर को भेजा गया था। जांचकर्ता अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह डिवाइस चीनी डिस्ट्रीब्यूटर से लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों तक कैसे पहुंचा। अधिकारी इस संभावना की भी जांच कर रहे हैं कि क्या ये डिवाइस पाकिस्तान सेना ने खरीदे थे और बाद में आतंकवादी समूहों को सप्लाई किए गए।
अधिकारियों के मुताबिक बैसरन हमले की जगह से कम से कम दो AK-47 राइफलें और दाचीगाम मुठभेड़ की जगह से एक और राइफल बरामद हुई थी, जो चीन में बनी थीं। जांचकर्ताओं के अनुसार आतंकी अब हमलों को रिकॉर्ड कर प्रोपेगैंडा और मनोवैज्ञानिक युद्ध फैलाने के लिए बॉडी वॉर्न कैमरों का इस्तेमाल कर रहे हैं। 22 अप्रैल 2025 को आतंकियों ने पहलगाम के बैसरन घास के मैदानों में 26 लोगों की हत्या कर दी थी, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे। जांच में सामने आया है कि सुरक्षा बलों द्वारा हमले के पैमाने का आकलन करने और घेराबंदी करने से पहले आतंकियों को भागने के लिए करीब 40 मिनट का समय मिल गया था। पहलगाम से बाहर जाने वाली एक सड़क पर शोपियां रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक गाड़ी देखी गई थी, लेकिन रास्ते में कई सीसीटीवी कैमरों के काम न करने की वजह से जांचकर्ता उसका सुराग खो बैठे।
इस नरसंहार के बाद भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाकर पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाकों में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों को तबाह किया था। NIA ने इस मामले में लश्कर-ए-तैयबा और 6 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इसमें मुठभेड़ में मारे गए तीन आतंकवादी फैसल जट्ट उर्फ सुलेमान, हबीब ताहिर उर्फ छोटू और हम्जा अफगानी के साथ संगठन का स्वघोषित कमांडर साजिद जट्ट उर्फ साजिद जुट्ट भी शामिल हैं। हमले से पहले आतंकवादियों को खाना और पनाह देने के आरोप में दो स्थानीय निवासियों, बशीर अहमद जोथाहट और परवेज अहमद का नाम भी चार्जशीट में शामिल किया गया है। जांचकर्ताओं ने बताया कि इन लोगों ने आतंकवादियों को हल्दी, लाल मिर्च और नमक जैसी खाने-पीने की चीजें, साथ ही खाना पकाने के बर्तन, कंबल और तिरपाल उपलब्ध कराए थे। अधिकारियों के मुताबिक दाचीगाम मुठभेड़ स्थल से मिला एक कंबल बशीर के घर का निकला। उस पर मिले बाल के एक टुकड़े का डीएनए टेस्ट कराया गया, जो 21 अप्रैल 2025 को उसके घर से लिए गए कंबल से मेल खा गया।
