पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक 20 से 22 दिसंबर के बीच शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में शामिल होने के लिए भारत आ रहे हैं। वह भारत की ओर से दिए गए न्योते पर यहां पहुंच रहे हैं और SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग के लिए प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई करेंगे। इससे पहले भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पुष्टि की थी कि भारत ने SCO के सभी सदस्य देशों को न्योता भेजा है।

मलिक इससे पहले सिंधु जल समझौते (IWT) को लेकर भारत को चेतावनी दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि जो भी पाकिस्तान के पानी को हाथ लगाएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे। बता दें कि पुलवामा हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई बड़े फैसले किए थे, जिनमें संधि को स्थगित करने की बात भी शामिल थी।

पाकिस्तान की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उसकी सरकार SCO के दायरे में आपसी सम्मान के साथ सभ्यताओं के संवाद और लोगों के आपसी मेल-जोल को बढ़ाने के प्रति प्रतिबद्ध है। मलिक से पहले बिलावल भुट्टो 2023 में विदेश मंत्री के तौर पर गोवा में हुई SCO विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने भारत आए थे। भारत की अध्यक्षता में हुए उस आयोजन के बाद यह पहला मौका है जब कोई पाकिस्तानी मंत्री भारत आ रहा है। फरवरी 2019 में पुलवामा और फिर 2025 में पहलगाम हमले के बाद से दोनों देशों के रिश्ते तनावपूर्ण बने हुए हैं।

SCO की स्थापना 2001 में शंघाई में हुए शिखर सम्मेलन के दौरान रूस, चीन, किर्गिज गणराज्य, कजाखस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपतियों ने की थी। भारत और पाकिस्तान 2017 में इसके स्थायी सदस्य बने थे, जबकि ईरान 2023 में सदस्य बना। इधर, पाकिस्तान बार-बार भारत से बातचीत का मुद्दा उठाता रहा है, जबकि भारत ने कई मौकों पर साफ किया है कि आतंकवाद खत्म होने से पहले किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र में भी भारत लगातार पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर घेरता रहा है, जबकि पाकिस्तान कश्मीर मसले को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाने की कोशिश करता है।