पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने भारत-पाकिस्तान संबंधों में संस्कृति की अहम भूमिका बताई है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत और आपसी समझ बढ़ाने के लिए एक-दूसरे के रहन-सहन और तौर-तरीकों को समझना जरूरी है। शुक्रवार को दिल्ली के पुराना किला में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने यह बात कही।

एक पत्रकार के सवाल पर मलिक ने कहा, 'सबसे पहले तो आप यहां मेजबान हैं और सवाल भी आप ही पूछ रहे हैं। ये तो ऐसा लगता है कि आपके जेहन में कोई खाका पहले से बना हुआ है।' सिंधु जल संधि पर पहले दिए गए बयान के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह इस पर अपनी बात रख चुके हैं और दोहराते हैं कि यहां सभी चर्चाएं बहुपक्षीय ढांचे के तहत हो रही हैं, इसी पर ध्यान देना चाहिए।

भारत-पाकिस्तान संबंधों को सुधारने से जुड़े सवाल पर पाकिस्तानी मंत्री ने कहा कि संस्कृति की इसमें बेहद अहम भूमिका है। उन्होंने साफ किया कि संस्कृति का महत्व केवल दो देशों तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए है। उनके मुताबिक, जब तक देश एक-दूसरे को ठीक से नहीं समझेंगे, तब तक बेहतर संबंध और विकास की संभावनाएं आगे नहीं बढ़ सकतीं। बातचीत के जरिए दोनों पक्षों को एक-दूसरे का नजरिया समझने का मौका मिलता है।

द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होने के सवाल पर मलिक ने कहा कि यह एक बहुपक्षीय कार्यक्रम है और यहां दोनों देशों के बीच किसी द्विपक्षीय मामले पर बातचीत नहीं हो रही है। भारत की मेजबानी में यह तीन दिवसीय SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली के पुराना किला में हो रहा है। SCO की स्थापना 2001 में शंघाई में हुए शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी, और भारत व पाकिस्तान 2017 में इसके स्थायी सदस्य बने।