पलवल के डीआरपी पब्लिक स्कूल में कक्षा 9वीं के छात्र दिवेश ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। मृतक के पिता लखन की शिकायत के आधार पर शहर थाना पुलिस ने स्कूल के प्रिंसिपल सोनू गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

शिकायत के अनुसार, कालड़ा कॉलोनी स्थित स्कूल में दिवेश पढ़ता था और उसका छोटा भाई गौरव कक्षा 8वीं में पढ़ाई करता है। आरोप है कि प्रिंसिपल सोनू गुप्ता का बच्चों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार को दिवेश की कक्षा के एक छात्र से किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद प्रिंसिपल ने सभी छात्रों के सामने दिवेश को मारा-पीटा और उसे जीवन बर्बाद करने तथा सामाजिक बेइज्जती करने की धमकी दी।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि स्कूल समय में दिवेश की मां संध्या को बुलाकर अपमानित किया गया और दिवेश को घर भेज दिया गया, जबकि छोटे भाई गौरव को रोककर धमकाया गया। आरोप है कि मानसिक तनाव और लगातार प्रताड़ना से आहत होकर दिवेश ने घर पहुंचने के बाद ऊपरी कमरे में फांसी लगा ली। देर तक नीचे न आने पर गौरव ने दरवाजे के ऊपर की जगह से उसे पंखे से लटका देखा। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शहर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के अनुसार, रात में मामला दर्ज कर लिया गया है। जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।