कई इमारतों में खिड़कियां नहीं होतीं या धूप अंदर नहीं पहुंच पाती, जिससे दिन में भी बल्ब और ट्यूबलाइट जलानी पड़ती है। स्वीडन की कंपनी पारंस सोलर लाइटिंग ने एक ऐसी तकनीक विकसित की है जो छत पर पड़ने वाली असली धूप को फाइबर ऑप्टिक केबल्स के जरिए इमारत के अंदर और कई मंजिल नीचे तक पहुंचा सकती है। इस सिस्टम में न सोलर पैनल की तरह बिजली बनाई जाती है और न ही किसी बैटरी में ऊर्जा जमा की जाती है।

सिस्टम छत या इमारत के बाहरी हिस्से में लगे मॉड्यूलर कलेक्टर्स से काम करता है। इनमें लगे खास ऑप्टिकल लेंस दिन भर सूरज की दिशा में चलते हुए किरणों को एक जगह केंद्रित रखते हैं। इकट्ठा की गई रोशनी पतले और लचीले ऑप्टिकल ग्लास फाइबर के जरिए इमारत के अंदर भेजी जाती है। कंपनी के अनुसार, इन केबल्स से बिना ऊर्जा के नुकसान के 100 से 300 मीटर की दूरी या कई मंजिल नीचे तक रोशनी पहुंचाई जा सकती है। कमरे में लगे खास ल्यूमिनेयर्स इस धूप को फैला देते हैं, जिससे देखने में लगता है कि कोई बल्ब जल रहा है।

इस तकनीक से दिन के समय बल्ब या ट्यूबलाइट जलाने की जरूरत नहीं रहती। सिस्टम सूरज की हानिकारक यूवी किरणों को फिल्टर कर देता है, जिससे कमरे में गर्मी नहीं बढ़ती और एयर कंडीशनर पर दबाव कम पड़ता है। प्राकृतिक रोशनी में काम करने से आंखों पर कम जोर पड़ता है, मूड बेहतर रहता है और शरीर की जैविक घड़ी भी संतुलित रहती है।

यह तकनीक खास तौर पर उन बड़ी और व्यावसायिक इमारतों के लिए तैयार की गई है, जहां सूरज की रोशनी का न पहुंचना बड़ी समस्या है। इनमें कॉर्पोरेट ऑफिस, अस्पताल, स्कूल, शॉपिंग मॉल, एयरपोर्ट टर्मिनल, भूमिगत मेट्रो स्टेशन और बिना खिड़की वाले बेसमेंट शामिल हैं।