संसद के आगामी सत्र को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। चर्चा है कि सरकार 15 दिसंबर से पहले कभी भी संसद सत्र बुला सकती है। इसी आशंका के बीच केंद्र सरकार के मंत्रियों और सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सांसदों ने अपने यात्रा कार्यक्रम फिलहाल रोक दिए हैं। मामले से परिचित लोगों के मुताबिक, सत्र का कार्यक्रम जल्द घोषित हो सकता है, इसलिए सांसदों को तैयार रहने को कहा गया है।

हालांकि, यात्रा न करने को लेकर कोई औपचारिक निर्देश जारी नहीं हुआ है, लेकिन कम समय के नोटिस पर सत्र बुलाए जाने की संभावना को देखते हुए एक तरह की सहमति बनी है कि सभी सांसद उपलब्ध रहें। एक सांसद ने बताया कि सत्र दिसंबर के पहले सप्ताह में आयोजित हो सकता है। इसे लेकर मॉन्यून सत्र को अभी औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किया गया है और विपक्ष ने सत्रावसान में देरी पर सवाल उठाए हैं। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि सत्रावसान न होने में कुछ भी असंवैधानिक नहीं है।

सत्र को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच सरकार परिसीमन और संविधान संशोधन विधेयकों को पारित कराने की कोशिश में भी है। इन विधेयकों के जरिए 2029 तक लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की सीटों की संख्या में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी की योजना है, जिससे मौजूदा 543 सीटें अधिकतम 850 तक हो सकती हैं। सरकार ने राज्यों का आनुपातिक प्रतिनिधित्व बरकरार रखने का भरोसा दिया है और विपक्ष से राजनीतिक मतभेद किनारे रखकर समर्थन देने की अपील की है।

विपक्ष अपनी मांग पर कायम है कि राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर दिए गए आश्वासन विधेयकों में स्पष्ट रूप से शामिल किए जाएं। कुछ विपक्षी दलों ने सुझाव दिया है कि महिला आरक्षण लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या के आधार पर ही लागू किया जाए। बता दें कि संसद का नया सत्र बुलाने के लिए राष्ट्रपति की ओर से समन जारी करना जरूरी होता है, लेकिन मौजूदा सत्र को कम समय के नोटिस पर आगे बढ़ाने पर नए समन की जरूरत नहीं होगी।