केंद्र सरकार ने जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही तीन दिसंबर को समाप्त होगी। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा सभापति सीपी राधाकृष्णन से सदनों की बैठक फिर से बुलाने का अनुरोध किया गया है। यह विशेष बैठक संसद के मानसून सत्र का ही हिस्सा होगी।
सूत्रों के अनुसार, सरकार इस बैठक में महिला आरक्षण और उससे जुड़ा परिसीमन विधेयक फिर से सदन में रख सकती है। यह विधेयक बीते बजट सत्र में जरूरी संख्या बल न होने के कारण पारित नहीं हो सका था। उस समय सरकार ने कहा था कि वह अगले सत्र में विधेयक फिर लाएगी। मॉनसून सत्र में भी सरकार जरूरी संख्या जुटाने की कोशिश करती रही, लेकिन संख्या पूरी न होने पर 13 अगस्त को संसद की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। सत्रावसान नहीं किया गया था ताकि इसी सत्र में विशेष बैठक में विधेयक लाया जा सके। सरकार ने अभी तक सत्र का एजेंडा नहीं बताया है।
सरकार के वरिष्ठ नेता लगातार दावा कर रहे हैं कि उनके पास जरूरी संख्या बल है। 540 की प्रभावी लोकसभा सदस्य संख्या में दो तिहाई के लिए 358 सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी। आंकड़ों के हिसाब से सरकार के पास 322 सांसदों का समर्थन है। इनमें भाजपा, तेलुगुदेशम, तृणमूल कांग्रेस (बागी गुट), शिवसेना, जदयू, लोजपा (रामविलास), जदएस, रालोद, जनसेना, आजसू, अपना दल, अगप, हम, राकांपा, एसएडी, एसकेएम, यूपीपीएल और जेडीपीएम शामिल हैं। सरकार को 36 सांसदों का समर्थन और चाहिए होगा। सरकार के दावों के मुताबिक उसे वाईएसआरसीपी और एनसीपी (शरद पवार) के 12 सांसदों का समर्थन मिल सकता है, लेकिन तब भी 24 सांसदों की जरूरत बनी रहेगी, जिसके लिए द्रमुक (22 सांसद) का समर्थन अहम माना जा रहा है। द्रमुक समर्थन न करने की बात कह चुका है। सरकार के सूत्र लगभग 15 सांसदों के ज्यादा समर्थन का दावा कर रहे हैं, जो फिलहाल नजर नहीं आता।
सूत्रों का कहना है कि अगर लोकसभा का रास्ता पार हो जाता है तो राज्यसभा में ज्यादा दिक्कत नहीं आएगी, जहां सरकार को नौ और सांसदों की जरूरत होगी। असली लड़ाई लोकसभा की मानी जा रही है। पांच राज्यों के चुनावों से पहले विधेयक लाने को सरकार के लिए दोनों तरफ लाभ वाला कदम बताया जा रहा है। अगर विपक्ष पहले की तरह एकजुट होकर इसे गिरा देता है तो सरकार उस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाकर महिलाओं की सहानुभूति बटोरने की कोशिश कर सकती है। विधेयक पारित होने पर सरकार विपक्ष पर हावी होने के लिए आक्रामक हो सकती है।
