जयपुर: राजस्थान में जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख चुनावों में क्रॉस वोटिंग के कारण भाजपा और कांग्रेस दोनों के गणित कई जगह बिगड़ गए। इसके चलते कई जिलों में दोनों दलों के हाथ से जिला प्रमुख की कुर्सी फिसल गई। मामले को लेकर दोनों पार्टियों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

कांग्रेस को सबसे बड़ा झटका चूरू में लगा, जहां 39 सदस्यीय जिला परिषद में उसके पास 21 सदस्य थे और एक माकपा सदस्य के समर्थन से आंकड़ा 22 का था। इसके बावजूद चार से पांच सदस्यों की क्रॉस वोटिंग से कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश देवी बुडानिया को केवल 17 वोट मिले, जबकि भाजपा की कनिका सिंह 22 वोट पाकर जिला प्रमुख बनीं। डीग में स्पष्ट बहुमत न होने पर भी कांग्रेस 14 सदस्यों के साथ मजबूत स्थिति में थी, लेकिन सात सदस्यों की क्रॉस वोटिंग से उसके उम्मीदवार को महज 7 वोट मिले और भाजपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। प्रतापगढ़ में कांग्रेस को अपने ही एक सदस्य की क्रॉस वोटिंग से एक वोट का नुकसान हुआ और भाजपा ने जिला प्रमुख पद पर कब्जा जमाया।

इसके उलट ब्यावर में भाजपा खेमे में हुई क्रॉस वोटिंग कांग्रेस के लिए लाभकारी साबित हुई। 27 सदस्यों वाली जिला परिषद में भाजपा के पास 14 सीटों का स्पष्ट बहुमत था, लेकिन मतदान के दौरान क्रॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस प्रत्याशी ममता गुर्जर ने भाजपा की निर्मला देवी को एक वोट से हराकर ब्यावर का पहला जिला प्रमुख पद जीत लिया।

उप जिला प्रमुख चुनाव में भी क्रॉस वोटिंग का असर दिखा। मिली जानकारी के अनुसार लगभग छह जिलों में क्रॉस वोटिंग देखने को मिली। पाली में कांग्रेस के तीन सदस्यों की क्रॉस वोटिंग से भाजपा के हेमंत गादाना उप जिला प्रमुख चुने गए। उदयपुर में भाजपा के दलीचंद डांगी को 26 और कांग्रेस के उदयलाल डामोर को 21 मत मिले। चूरू और प्रतापगढ़ में जिला प्रमुख चुनाव के बाद उप जिला प्रमुख चुनाव में समीकरण बदल गए और भाजपा को ये सीटें गंवानी पड़ीं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस को 24, भाजपा को 10 और भारत आदिवासी पार्टी को 2 सीटें मिलीं, जबकि उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस को 25, भाजपा को 8 और बीएपी को 3 सीटें मिलीं।