शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की है। गुरुवार को मीडिया से बातचीत में राउत ने कहा कि अगर योगी जी ने खुद को सीएम चेहरे के तौर पर घोषित किया है तो यह तारीफ के काबिल है। उन्होंने कहा कि योगी जी एक सक्षम व्यक्ति हैं और हम भी उन्हें पसंद करते हैं। राउत ने कहा कि योगी जी हिंदुत्व का ऐसा चेहरा हैं जो सबसे ऊपर है, और अगर योगी नहीं, तो यूपी भी नहीं। उन्होंने कहा कि अगर योगी जी ने ऐसा कहा है तो उन्हें भरोसा है कि उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी को बहुमत मिलेगा और ज्यादातर विधायक उनका समर्थन करेंगे।
बता दें कि योगी आदित्यनाथ 2017 में पहली बार और फिर 2022 में दूसरी बार मुख्यमंत्री बने थे। 2017 में बीजेपी को पहली बार यूपी में पूर्ण बहुमत मिला था और नतीजों के करीब एक हफ्ते बाद विधायक दल की बैठक में योगी का नाम तय किया गया था। 2022 के चुनावों में भी बीजेपी बिना घोषित सीएम चेहरे के मैदान में उतरी थी। 403 में से 255 सीटें जीतने के बाद 24 मार्च 2022 को विधायकों ने उन्हें औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री चुना और 25 मार्च 2022 को उन्होंने दूसरी बार शपथ ली।
चुनाव से पहले बीजेपी में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चुनाव के बाद विधायक दल मुख्यमंत्री तय करेगा, जबकि सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सबको पता है सीएम फेस कौन है। मौर्य ने कहा कि चुनाव के दौरान कमल ही बीजेपी का चेहरा होता है और चुनाव के बाद जीते हुए विधायक केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में बैठक कर सर्वसम्मति से नेता चुनेंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं, लेकिन 2027 के चुनाव के बाद वही सीएम बनेंगे या कोई और, इसका फैसला निर्वाचित विधायक करेंगे। मौर्य ने यह भी कहा कि वह योगी आदित्यनाथ का समर्थन करते हैं। इस बार भी बीजेपी ने अभी तक किसी को सीएम फेस घोषित करने के संकेत नहीं दिए हैं। राज्य में योगी आदित्यनाथ के साथ ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य डिप्टी सीएम हैं, जबकि पंकज चौधरी यूपी बीजेपी के अध्यक्ष हैं।
