पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के अजीज लेन स्थित प्रकाशपुंज अपार्टमेंट में चार बदमाशों ने दो फ्लैटों से 10 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ली। जक्कनपुर थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है और अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है।
फ्लैट नंबर 103 के मालिक सत्यम सिंह 14 नवंबर को परिवार के साथ छठ पर्व मनाने सहरसा जिले के कठडुमर गांव गए हुए थे। घर में ताला बंद होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने अपार्टमेंट में प्रवेश किया और फ्लैट नंबर 101 और 103 के मुख्य दरवाजों की कुंडी काट दी। पहले वे फ्लैट नंबर 101 में घुसे, लेकिन वहां करीब 15 सेकंड रुककर बाहर निकल आए। इसके बाद उन्होंने फ्लैट नंबर 103 को निशाना बनाया और अलमारियों को तोड़कर कीमती सामान समेटना शुरू कर दिया।
चोरी गए सामान में सोने की चेन, अंगूठियां, इयररिंग, झुमके, नथनी और सोने के सिक्के शामिल हैं। इसके अलावा चांदी के सिक्के, चेन और पायल भी बदमाश ले गए। सबसे कीमती सामान में पारंपरिक सोने के आभूषणों से भरी एक पुरानी पोटली भी बताई जा रही है। चोरी गए जेवरात और नकदी की कुल कीमत 10 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज में चार बदमाश अपार्टमेंट में आते दिख रहे हैं। फुटेज के अनुसार, एक बदमाश गेट के पास निगरानी करता नजर आ रहा है, जबकि दूसरा अपार्टमेंट के गार्ड से बातचीत में उलझा हुआ दिखता है। इसी दौरान अन्य दो बदमाश फ्लैटों में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। छठ पर्व मनाकर लौटे सत्यम सिंह ने मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी और अंदर सामान बिखरा देखा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
