अक्सर देखा जाता है कि सैलरी खाते में आते ही खर्च हो जाती है और बचत के लिए कुछ नहीं बचता। ऐसे में वित्तीय विशेषज्ञ सैलरी आने पर पहले बचत करने और बाद में खर्च करने की सलाह देते हैं। इसे 'पे योरसेल्फ फर्स्ट' फॉर्मूला कहा जाता है। एक्सपर्ट के मुताबिक, इसमें सैलरी आने के बाद सबसे पहले उसका एक हिस्सा बचत के लिए अलग कर लेना चाहिए और बाकी पैसे से खर्च करना चाहिए।

नई दिल्ली: लोग भविष्य की जरूरतों और इमरजेंसी के लिए कई तरह की वित्तीय प्लानिंग करते हैं, जिसमें उनकी इनकम या सैलरी अहम भूमिका निभाती है। आमतौर पर लोग सैलरी से कुछ पैसे बचाकर बचत या निवेश करते हैं। लेकिन कई लोगों के साथ ऐसी दिक्कत आती है कि सैलरी खाते में आते ही खत्म हो जाती है, क्योंकि पहले से तय खर्चों को चुकाने में ही सारा पैसा लग जाता है। ऐसे में बचत के लिए कुछ बच ही नहीं पाता और अगर कुछ बचता भी है तो उसे अगली सैलरी आने तक बचाए रखना चुनौती होती है।

एनबीटी से बात करते हुए एक्सपर्ट और पेंशन बाजार के बिजनेस हेड विश्वजीत गोयल ने सैलरी, बचत और खर्च को लेकर एक रणनीति बताई। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में आज लोगों में वित्तीय जागरूकता बढ़ी है, लेकिन निवेश और प्लान का तरीका बदलने की जरूरत है। उनके मुताबिक, 'पे योरसेल्फ फर्स्ट' फॉर्मूले का सीधा अर्थ है कि सैलरी आने पर किसी खर्च में लगाने से पहले उसका एक हिस्सा अपने लिए यानी बचत के लिए अलग कर लिया जाए और बाकी रकम से खर्च किया जाए।

एक्सपर्ट ने 50:30:20 फॉर्मूले के इस्तेमाल का भी तरीका बताया। उन्होंने कहा कि अगर 100 रुपये की कमाई है तो 50 रुपये जरूरतों पर, 30 रुपये इच्छाओं पर और 20 रुपये बचत पर लगाने चाहिए। उनके अनुसार, अगर इसी क्रम में पहले 50 और फिर 30 रुपये खर्च कर दिए जाएं तो बचत के लिए कुछ नहीं बचेगा, क्योंकि जितना पैसा आता है वह खर्च हो जाता है। इसलिए क्रम को उलट देना चाहिए, यानी पहले बचत करें और बाद में खर्च करें। एक्सपर्ट के मुताबिक, सेविंग फर्स्ट और स्पेंडिंग लेटर की रणनीति से बचत होने की संभावना काफी अधिक होती है।

डिस्क्लेमर: इस विश्लेषण में दिए गए सुझाव व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, एनबीटी के नहीं। निवेशकों को सलाह दी जाती है कि किसी भी निवेश का निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श कर लें।