प्यू रिसर्च सेंटर की एक नई रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक स्तर पर धार्मिक आबादी में बदलाव हो रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक 2010 में दुनिया की कुल आबादी करीब 6.9 अरब थी, जो 2050 तक बढ़कर 9.3 अरब तक पहुंच सकती है। इस दौरान मुस्लिम आबादी में सबसे तेज वृद्धि का अनुमान है। रिपोर्ट के अनुसार 2010 के मुकाबले 2050 तक मुस्लिम आबादी करीब 73 फीसदी बढ़ सकती है। 2010 में दुनिया में मुसलमानों की आबादी करीब 1.6 अरब थी, जो 2050 तक बढ़कर लगभग 2.76 अरब हो जाएगी। वहीं हिंदुओं की आबादी 1.3 अरब से बढ़कर 1.38 अरब तक पहुंच सकती है। आंकड़ों के अनुसार 2010 में कुल आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी 23.2 फीसदी थी, जो 2050 तक बढ़कर करीब 29.7 फीसदी हो सकती है, जबकि हिंदुओं की हिस्सेदारी 15 फीसदी से मामूली घटकर 14.9 फीसदी रहने का अनुमान है।

रिपोर्ट में यह भी अनुमान लगाया गया है कि 2035 तक इस्लाम ईसाई धर्म को पीछे छोड़कर दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक 2020 में दुनिया भर में 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुसलमान थे। 2035 तक मुसलमानों की संख्या 2.57 अरब और ईसाइयों की संख्या 2.52 अरब हो जाएगी। अगर मौजूदा रुझान जारी रहे तो 2070 तक मुसलमानों की संख्या 3.6 अरब से अधिक होगी, जबकि ईसाइयों की संख्या 3 अरब से थोड़ी कम होगी। प्यू ने इस्लाम के तेजी से बढ़ने का कारण ज्यादातर मुसलमानों में ज्यादा फर्टिलिटी रेट बताया है।

भारत की बात करें तो रिपोर्ट के मुताबिक पिछले कुछ दशकों में देश की कुल प्रजनन दर में तेजी से गिरावट आई है, लेकिन मुस्लिम महिलाओं के औसतन बच्चों की संख्या हिंदू महिलाओं से अधिक है। इसके अलावा भारत में मुस्लिम आबादी का आयु वर्ग भी अपेक्षाकृत युवा है। रिपोर्ट के अनुसार 2020 में भारत में करीब 1.1 अरब हिंदू थे, जो दुनिया की कुल हिंदू आबादी का लगभग 95 प्रतिशत हिस्सा था। हिंदू आबादी के मामले में भारत के बाद नेपाल का स्थान था, जहां करीब 2.4 करोड़ हिंदू रहते थे। इसके बाद बांग्लादेश में 1.3 करोड़, पाकिस्तान में 50 लाख और इंडोनेशिया में 40 लाख हिंदू थे।

रिपोर्ट के मुताबिक उत्तरी अमेरिका में हिंदुओं की आबादी दोगुने से ज्यादा होने का अनुमान है। 2020 में यहां करीब 40 लाख हिंदू थे, जिनकी संख्या 2070 तक बढ़कर 90 लाख हो सकती है। इस क्षेत्र की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 1 प्रतिशत से बढ़कर 2 प्रतिशत होने का अनुमान है। वहीं अफ्रीका और लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन ऐसे क्षेत्र होंगे, जहां हिंदुओं की कुल संख्या में गिरावट आने की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार हिंदू परिवारों में पले-बढ़े करीब 99 प्रतिशत लोग वयस्क होने के बाद भी खुद को हिंदू ही मानते हैं, हालांकि धर्म परिवर्तन के कारण 2020 से 2070 के बीच वैश्विक हिंदू आबादी में करीब 10 लाख लोगों की कमी आने का अनुमान है, जिसमें से ज्यादातर कमी एशिया-प्रशांत क्षेत्र में होने की संभावना है।