यूक्रेन ने बुधवार को रूस की दो आयल रिफायनरियों पर हमले कर उन्हें बड़ा नुकसान पहुंचाया। जवाब में रूस ने यूक्रेन की सरकारी तेल और गैस कंपनी नेफ्टोगाज के पोल्टावा स्थित ठिकाने पर हमला कर उसे नुकसान पहुंचाया। यूक्रेन के जनरल स्टाफ के अनुसार, रूस के क्रैस्नोडर क्षेत्र में स्थित इल्स्की रिफायनरी के ईंधन टैंकों और एफिप्स्की रिफायनरी की शोधन इकाई पर हमले हुए, जिससे इनमें आग लग गई। बताया गया है कि ये दोनों रिफायनरी प्रतिवर्ष 950 करोड़ बैरल कच्चे तेल का शोधन करती थीं।

इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने स्वदेशी हथियारों और तकनीक के विकास पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने यूक्रेन को इस क्षेत्र में विश्व में तीसरे और यूरोप में पहले नंबर का देश करार दिया। जेलेंस्की ने कहा कि इसी क्षमता के चलते सोमवार को रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाले कर्च ब्रिज पर हमला सफल रहा। उन्होंने कहा कि यूक्रेन तेजी से आगे बढ़ रहा है। बताया जाता है कि यूक्रेन ने हाल के वर्षों में लंबी दूरी तक मार करने वाले ड्रोन के साथ-साथ हजारों किलोमीटर तक निशाना लगाने वाली मिसाइलें भी विकसित की हैं, जिनका इस्तेमाल रूस पर हमलों के लिए किया जा रहा है।

दोनों देशों के एक-दूसरे पर ये हमले ऐसे समय हो रहे हैं जब लगभग पांच वर्ष से चल रहे युद्ध को खत्म कराने के लिए अमेरिका दोनों पक्षों के बीच फिर से बातचीत कराने की कोशिश में लगा हुआ है। इन हमलों ने ऊर्जा क्षेत्र में युद्धविराम की कोशिशों को झटका दिया है।