प्यू रिसर्च सेंटर द्वारा बुधवार को जारी अनुमान के अनुसार, 2035 तक दुनिया में मुसलमानों की संख्या ईसाइयों से अधिक हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक 2020 में दुनिया में 227 करोड़ ईसाई और 202 करोड़ मुस्लिम थे। अनुमान है कि 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर 257 करोड़ और ईसाई आबादी 252 करोड़ हो सकती है। वहीं, मौजूदा रुझान जारी रहने पर 2070 तक मुस्लिमों की संख्या 360 करोड़ से अधिक और ईसाइयों की संख्या 300 करोड़ से कुछ कम रह सकती है।
रिपोर्ट के अनुसार 2070 तक दुनिया की कुल आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी बढ़कर 36 फीसदी होने का अनुमान है, जो 2020 में 26 फीसदी थी। ईसाइयों की हिस्सेदारी करीब 29 फीसदी पर स्थिर रहने का अनुमान है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मुसलमानों की आबादी सबसे ज्यादा पाकिस्तान में होने का अनुमान है, जबकि इसके बाद भारत, नाइजीरिया और इंडोनेशिया का स्थान होगा। फिलहाल दुनिया के सबसे ज्यादा मुसलमान इंडोनेशिया में रहते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक चीन को छोड़कर दुनिया के अन्य देशों में खुद को नास्तिक या किसी धर्म से जुड़ा न मानने वाले लोगों की संख्या 2070 तक 18 करोड़ से अधिक बढ़ सकती है। अमेरिका में फिलहाल कुल आबादी में ईसाइयों की हिस्सेदारी 62 प्रतिशत है, जो 2065 तक 50 प्रतिशत से नीचे आ सकती है। कनाडा में भी 2030 तक ईसाइयों की आबादी 50 प्रतिशत से कम होने का अनुमान है।
हिंदुओं की आबादी पर रिपोर्ट में कहा गया है कि संख्या के लिहाज से यह बढ़ेगी, लेकिन दुनिया की कुल आबादी में उनका प्रतिशत घटने का अनुमान है। संख्या के लिहाज से भारत में हिंदुओं की आबादी में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी होगी, जबकि भारत के बाहर अमेरिका समेत कई देशों में हिंदुओं की आबादी बढ़ने की रफ्तार इससे भी तेज रहने का अनुमान है। रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया की कुल आबादी में यहूदियों की संख्या भी घटने की संभावना है, और आने वाले दशकों में बौद्धों की आबादी तथा कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी भी कम होने की आशंका है।
