चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को रिसीव करने के लिए खुद एयरपोर्ट पहुंचे। रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसा पहली बार हुआ है जब जिनपिंग किसी विदेशी नेता को रिसीव करने एयरपोर्ट गए हों। आमतौर पर यह जिम्मेदारी दूसरे अधिकारी निभाते हैं। चीन के शेनझेन में दो दिवसीय APEC समिट हो रहा है, जहां रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी पहुंचे हैं। ट्रम्प, जिनपिंग और पुतिन ने एक साथ डिनर भी किया।

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवात अकवान ने अपना रूट बदल लिया है। अब यह 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच टकराएगा। IMD ने पहले तूफान के आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच टकराने की बात कही थी। ओडिशा प्रशासन ने 8 जिलों के 87 ब्लॉक में 1,902 संवेदनशील जगहों की पहचान की है और 3,329 रिलीफ कैंप बनाए गए हैं। करीब 2 लाख लोगों को सुरक्षित जगह शिफ्ट किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में ठंड बढ़ गई है। यूपी और बिहार में बुधवार को ठंड के साथ घना कोहरा रहा। यूपी के 15 शहरों में विजिबिलिटी 10 मीटर तक पहुंच गई, जबकि बरेली 11.1°C तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में देखा जा रहा है।

सोना बुधवार को 2,696 रुपए गिरकर 1.32 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जो 11 महीने का सबसे निचला स्तर है। इससे पहले 19 दिसंबर 2025 को सोना 1,31,779 रुपए पर था। एक किलो चांदी 4,665 रुपए घटकर 1.65 लाख रुपए पर आ गई। कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया की सलाह है कि सोने-चांदी की खरीदारी किश्तों में करें और निवेश के लिए 6 महीने से एक साल तक का नजरिया रखें।