मनीला: दक्षिण चीन सागर को लेकर फिलीपींस और चीन के बीच तनाव बना हुआ है और दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच समुद्र में कई बार भिड़ंत भी हो चुकी है। इस बीच फिलीपींस अपनी रक्षा क्षमताएं बढ़ाने के लिए भारत से और हथियार खरीदने पर विचार कर रहा है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, फिलीपींस भारत से आकाश एयर डिफेंस सिस्टम की पांच से ज्यादा रेजिमेंट खरीदने पर विचार कर रहा है। इसके अलावा फिलीपींस की नजर पिनाका मल्टी बैरल रॉकेट लॉन्चर पर भी है। हालांकि, इन खरीदों को लेकर फिलीपींस की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।

आकाश एक मध्यम दूरी का सतह से हवा में मार करने वाला एयर डिफेंस सिस्टम है, जो लड़ाकू विमानों, हेलीकॉप्टरों, ड्रोन और क्रूज मिसाइलों को मार गिराने में सक्षम है। वहीं पिनाका भारत का स्वदेशी मल्टी बैरल रॉकेट लॉन्चर है, जो 44 सेकेंड में 12 रॉकेट दाग सकता है। इसकी रेंज 38 से 40 किमी है, जबकि इसके एक्सटेंडेड वर्जन की रेंज 75 से 90 किमी बताई जाती है। विशेषज्ञों की मानें तो फिलीपींस चीन के जहाजों पर हमले के लिए पिनाका खरीदने पर विचार कर रहा है, क्योंकि यह ब्रह्मोस के मुकाबले काफी सस्ता है।

इससे पहले फिलीपींस भारत से ब्रह्मोस मिसाइल खरीद चुका है। अब फिलीपींस ब्रह्मोस मिसाइल की अतिरिक्त स्क्वाड्रन खरीदने की तैयारी में है और इसको लेकर दोनों देशों के बीच बातचीत अडवांस स्टेज में है। फिलीपींस के डिफेंस सेक्रेटरी गिल्बर्टो टेओडोरो ने इसकी पुष्टि की है। फिलीपींस ने भारत से ब्रह्मोस के एक्सटेंडेड रेंज वर्जन की मांग भी की है, जो पुरानी ब्रह्मोस मिसाइल की तुलना में 800 से 900 किमी की रेंज तक हमला करने में सक्षम बताया जा रहा है। इसे चीनी हमलों के खिलाफ फिलीपींस की रक्षात्मक तैयारियों में अहम कदम माना जा रहा है।