प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है। अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित एक लेख में पीएम मोदी ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी ओबीसी आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। हालांकि उन्होंने कांग्रेस या किसी अन्य पार्टी का नाम नहीं लिया। पीएम मोदी ने लिखा कि बाबासाहेब आंबेडकर इसके सख्त खिलाफ थे। बता दें कि मौजूदा व्यवस्था के तहत केंद्र सरकार की नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में ओबीसी के लिए 27 फीसदी आरक्षण का प्रावधान है।
लेख में पीएम मोदी ने देशवासियों को संविधान की अहमियत बताई और कहा कि उनकी सरकार ने एक दशक पहले आज के दिन को संविधान दिवस मनाने का फैसला लिया था। उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा किए गए संविधान संशोधनों का जिक्र किया और बताया कि कैसे इनसे लोगों की जिंदगी में बड़े बदलाव आए। इस दौरान उन्होंने जीएसटी और ईडब्ल्यूएस के लिए 10 फीसदी आरक्षण के लिए किए गए संशोधनों का उल्लेख किया।
महिला आरक्षण के मामले पर भी पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नारीशक्ति को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से लाए गए विधेयक को विपक्ष के एक प्रमुख दल ने पारित नहीं होने दिया। पीएम मोदी ने कहा कि इससे पता चलता है कि संवैधानिक मूल्यों के प्रति उसके मन में कितना कम सम्मान है। उन्होंने देश की नारीशक्ति को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय दिलाने के संकल्प को कोई ताकत नहीं रोक सकती।
पीएम मोदी ने कहा कि संवैधानिक लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका स्पष्ट रूप से तय है, लेकिन आज विपक्ष अवरोध पक्ष बन गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी को समझना चाहिए कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा डालना अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियां निभाने का विकल्प नहीं हो सकता। नक्सलवाद का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दशकों तक नक्सलियों ने बंदूक के दम पर सबसे गरीब व्यक्ति को उन अधिकारों से वंचित रखा, जो संविधान ने उसे दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष नक्सलवाद के खात्मे से विशेष संतोष मिला है और अब हथियारी नक्सली समाप्त होने के बाद केवल दिमागी नक्सली बचे हैं, जो देश की विकास यात्रा को पटरी से उतारने की कोशिशों में लगे हैं।
