प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को फिक्की के शताब्दी अधिवेशन को संबोधित करते हुए प्राइवेट सेक्टर की कंपनियों से सवाल किया कि सरकार ने 12 लाख रुपये तक की सालाना आय पर इनकम टैक्स में जो छूट दी है, क्या उसका लाभ उन्होंने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने और नई भर्तियों में लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने साहस दिखाकर यह राहत दी, जिससे आम लोगों की क्रय शक्ति बढ़ी है और उद्योग जगत को इसकी सराहना करनी चाहिए।
पीएम मोदी ने याद दिलाया कि 2014 में बेसिक कॉरपोरेट टैक्स की दर 30 प्रतिशत थी, जिसे घटाकर 22 प्रतिशत किया गया। उन्होंने हल्के अंदाज में पूछा कि क्या सब कुछ इसी तरह चलेगा कि मोदी जी आप करो, हम देख लेंगे। इस पर सभागार में मौजूद लोग हंस पड़े। उन्होंने यह भी बताया कि पहले टैक्स रिफंड में आठ महीने लगते थे, अब एक हफ्ते के भीतर रिटर्न प्रोसेस हो जाता है।
अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत कभी दुनिया की पांच सबसे कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था, लेकिन आज सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बन गया है। विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि पिछले 12 से 13 वर्षों में देश के 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।
उन्होंने बताया कि अक्टूबर में भारत का वस्तु निर्यात लगभग 50 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे ऊंचा मासिक आंकड़ा है। मूडीज, एसएंडपी, फिच, विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक जैसी संस्थाओं ने भारत की विकास दर के अनुमान को ऊपर की ओर संशोधित किया है और अर्थव्यवस्था के करीब 7 प्रतिशत की दर से बढ़ने की उम्मीद है। अंत में उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक संकल्प है।
