कोलकाता में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के पहले आईआईटी खड़गपुर के कौस्तुभ जयंती समारोह में हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने संस्थान की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने पर एक स्मारक सिक्के का अनावरण किया। वर्ष 1951 में स्थापित यह संस्थान देश में तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और नवोन्मेष को आगे बढ़ाने में अग्रणी रहा है।
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने ‘विकसित भारत के लिए 75 आवाजें’ पहल के तहत 75 विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने संस्थान द्वारा विकसित किफायती उन्नत चिकित्सा प्रौद्योगिकी और दूरदराज के इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने से जुड़े नवोन्मेषों का भी अवलोकन किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की यह धरती वह भूमि है जहां विचारों को बल मिला और राष्ट्रीय आंदोलन बने। उन्होंने बताया कि यह संस्थान उसी जगह पर बना है जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों का डिटेंशन कैंप हुआ करता था। उन्होंने कहा कि आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक का सफर ही विकसित भारत के निर्माण की असली ऊर्जा है। जब IIT खड़गपुर ने अपनी यात्रा शुरू की थी, तब देश की आजादी नई-नई थी और पहला आम चुनाव भी नहीं हुआ था।
पीएम मोदी ने विद्यार्थियों से नेशन फर्स्ट की मानसिकता के साथ आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि जब IIT खड़गपुर अपने 100 वर्ष मनाएगा तो वह विकसित भारत में ही मनना चाहिए। उन्होंने सेमीकंडक्टर का जिक्र करते हुए कहा कि 50 साल पहले एक कंपनी सेमीकंडक्टर बनाने के लिए भारत आई थी, लेकिन उसे रोककर वापस भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर मिशन शुरू करने पर लोगों ने कहा कि अब बहुत देर हो चुकी है, फिर भी इस मिशन की शुरुआत की गई और आज भारत चिप्स का निर्यात करने लगा है।
