प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि 'विकसित भारत' के लक्ष्य की दिशा में देश जब आगे बढ़ रहा है, तो संस्थान के 75 वर्षों का अनुभव विकास और नवाचार के क्षेत्र में अहम भूमिका निभाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि आज के आकांक्षी भारत की उम्मीदों और सपनों को पूरा करने में संस्थान कोई कसर नहीं छोड़ेगा।

चुनौतियों के सवाल पर पीएम मोदी ने कहा कि लोग अक्सर उनसे चुनौतियों के बारे में पूछते हैं, जिस पर वे कहते हैं कि यह उनके स्वभाव में है और वे चुनौतियों को चुनौती दिए बिना नहीं रह सकते। उन्होंने कहा कि हमारी असली क्षमता उस साहस से तय होती है जो हम चुनौतियों का सामना करते समय दिखाते हैं।

समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जिस धरती पर कभी स्वशासन की आकांक्षा थी, वहां आज आत्मनिर्भरता का संकल्प दिखाई देता है। जहां कभी आजादी का सपना था, वहां आज भविष्य को आकार देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक का यह सफर ही 'विकसित भारत' के निर्माण की असली ताकत है।

पीएम मोदी ने कहा कि जब IIT खड़गपुर ने अपना सफर शुरू किया था, तब देश को आजाद हुए बहुत कम समय हुआ था और पहला आम चुनाव भी नहीं हुआ था। उस समय भारत को अपने उद्योगों और बुनियादी ढांचे के लिए इंजीनियरों की जरूरत थी। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे देश की वैज्ञानिक क्षमताएं बढ़ीं, संस्थान के स्नातकों ने अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में योगदान दिया। इसके बाद सूचना प्रौद्योगिकी का दौर आया, जब वैश्विक अर्थव्यवस्था में नए अवसर सामने आए और यहां से पढ़कर निकले युवाओं ने देश के सॉफ्टवेयर उद्योग को मजबूत किया तथा दुनिया की कुछ सबसे बड़ी कंपनियों का नेतृत्व किया। पीएम ने कहा कि हर दौर में संस्थान ने राष्ट्र-निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने में आगे बढ़कर काम किया है।