पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में आठ साल का इंतजार खत्म होने वाला है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह के अनुसार, नए वर्ष जनवरी में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भवन में छह अति विशिष्ट विभागों में मरीजों का उपचार शुरू होने की उम्मीद है। इन विभागों में यूरोलॉजी, न्यूरो मेडिसिन, न्यूरो सर्जरी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी और नेफ्रोलॉजी शामिल हैं। यहां ओपीडी से लेकर सर्जरी, आईसीयू और वार्ड तक की सुविधा एक ही छत के नीचे उपलब्ध होगी, जिससे गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों और उनके स्वजन को अलग-अलग भवनों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
अस्पताल को जल्द चालू करने के लिए नई एजेंसी को काम सौंपा गया है। एजेंसी ने तीन माह में निर्माण और अन्य जरूरी कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है। अक्टूबर से काम शुरू हो चुका है और अब जनवरी में अस्पताल शुरू करने की तैयारी है।
इस बीच, पीएमसीएच में पार्किंग की समस्या से भी जल्द राहत मिलने वाली है। दिसंबर में मल्टीलेवल पार्किंग के तीनों चरण शुरू हो जाएंगे। पहले चरण में 750 वाहनों की पार्किंग तैयार है, जिसे पीजी चिकित्सकों के लिए शुरू कर दिया गया है। यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी और वाहनों की आनलाइन निगरानी होगी। सुरक्षा के लिए 15 गार्ड तैनात किए गए हैं। दूसरे और तीसरे चरण के शुरू होने के बाद पार्किंग का संचालन अस्पताल प्रशासन के अधीन होगा, जिसके बाद मरीजों के स्वजन भी अपने वाहन यहां खड़े कर सकेंगे।
पीएमसीएच के दूसरे चरण के निर्माण कार्य के तहत टाटा वार्ड की जगह नौ मंजिला भवन बनाया जा रहा है, जिसे जून तक तैयार करने का लक्ष्य है। इसके पूरा होने के बाद अस्पताल की कुल बेड क्षमता बढ़कर 2100 हो जाएगी। नए भवन में विभिन्न विभागों के लिए अतिरिक्त बेड की व्यवस्था होगी, जिसका लाभ शिशु रोग और मनोचिकित्सा विभाग को भी मिलेगा। वर्तमान में मेडिसिन विभाग में 600 बेड की सुविधा शुरू की जा चुकी है, वहीं हड्डी रोग विभाग में भी 600 बेड की व्यवस्था होगी। नए भवन में विभिन्न विभागों की ओपीडी के साथ इमरजेंसी और आपरेशन थिएटर (ओटी) की सेवाएं भी शुरू हो चुकी हैं।
