लोकसभा सीटों के परिसीमन पर जारी बहस के बीच 2011 की जनगणना के आधार पर किए गए एक आकलन में सामने आया है कि अगर सीटों का पुनर्वितरण केवल जनसंख्या के आधार पर होता, तो दक्षिण के साथ उत्तर और पश्चिम भारत के कई राज्यों को मौजूदा सीटों के मुकाबले नुकसान उठाना पड़ता। आकलन के मुताबिक तमिलनाडु की 39 सीटें घटकर 32, केरल की 20 से 15, आंध्र की 25 से 21, कर्नाटक की 28 से 27, ओडिशा की 21 से 19, पंजाब की 13 से 12, उत्तराखंड की पांच से चार, हिमाचल प्रदेश की चार से तीन और पश्चिम बंगाल की 42 से 41 रह जातीं।
वहीं इसी आकलन में उत्तर प्रदेश की सीटें 80 से बढ़कर 89, बिहार की 40 से 46, राजस्थान की 25 से 30, मध्य प्रदेश की 29 से 32 और महाराष्ट्र की 48 से 50 होने का अनुमान लगाया गया है। इस तुलनात्मक गणना के अनुसार जनसंख्या आधारित अनुमान में मौजूदा 543 लोकसभा सीटें 548 होतीं।
विधेयक में सभी राज्यों की सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है, जिसके तहत किसी भी राज्य की मौजूदा सीट कम नहीं होगी। इस फॉर्मूले से उत्तर प्रदेश की सीटें 80 से 120, तमिलनाडु की 39 से 59, केरल की 20 से 30 और आंध्र प्रदेश की 25 से 38 होने का अनुमान है। आकलन के मुताबिक इस फॉर्मूले से कुल सीटें 824 तक पहुंच सकती हैं।
तुलना से यह साफ होता है कि परिसीमन में केवल जनसंख्या को आधार बनाने के बजाय सभी राज्यों की मौजूदा सीटों में एक समान अनुपात से बढ़ोतरी की जाए, जिससे क्षेत्रीय असंतुलन और किसी राज्य की सीटें घटने का खतरा टाला जा सके। एनसीपी और डीएमके समेत कई दलों ने सरकार के सामने परिसीमन के लिए कुछ शर्तें रखी थीं, जिनमें 1971 की जनगणना के डेटा को आधार बनाना और सभी राज्यों में समान अनुपात में सीटें बढ़ाना शामिल था। डीएमके ने परिसीमन को 25 साल के लिए लॉक करने की मांग भी की थी। सरकार के प्रस्ताव में इन बातों को शामिल किया गया है।
