पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में एक कैफे में काम करने वाली 22 वर्षीय युवती ने अपने सहकर्मियों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता 'सल्तनत कैफे' में काम करती थी और आरोपी भी वहीं कार्यरत थे। सोमवार रात पीड़िता ने अपने सहकर्मियों के साथ कैफे में आयोजित एक पार्टी में हिस्सा लिया। कैफे बंद होने के बाद भी ये लोग देर रात तक वहां रुके रहे, क्योंकि कैफे की चाबी इन्हीं के पास थी। करीब सुबह साढ़े तीन बजे ये लोग वहां से निकले।

पीड़िता का आरोप है कि पार्टी के दौरान दो लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, जबकि अन्य दो लोगों ने उनकी सहायता की। पुलिस ने मामला संज्ञान में लेते हुए चार पुरुषों और दो महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और पीड़िता को हर हाल में इंसाफ दिलाया जाएगा।