अमृतसर के अजनाला पुलिस थाने पर हुए हमले से जुड़े मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। सांसद अमृतपाल सिंह समेत दर्जनों आरोपितों के खिलाफ चल रहे मुकदमे में ट्रायल कोर्ट के आदेश को चुनौती देने में हुई देरी पर अदालत ने नाराजगी जताई। हाईकोर्ट ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि सरकार इस मामले का ट्रायल लटकाना चाहती है। अदालत ने कहा कि यह बेहद गंभीर और महत्वपूर्ण मामला है, लेकिन सरकार की ओर से अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई।
मामले में ट्रायल कोर्ट ने 18 अगस्त को आदेश पारित किया था। पंजाब सरकार ने इस आदेश को चुनौती देने के लिए नवंबर में हाईकोर्ट का रुख किया। आदेश को चुनौती देने में करीब तीन महीने की देरी पर हाईकोर्ट ने सवाल उठाया कि सरकार इतने महीनों तक क्या करती रही और जब मामला इतना संवेदनशील है तो समय रहते आदेश को चुनौती क्यों नहीं दी गई।
सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार ने दलील दी कि मामले का ट्रायल पूरा करने के लिए पहले ही 31 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया है, इसलिए याचिका पर सुनवाई की अनुमति दी जाए। सरकार ने यह विकल्प भी रखा कि याचिका हाईकोर्ट की उसी पीठ के समक्ष भेज दी जाए, जिसने ट्रायल 31 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए थे। हाईकोर्ट ने सरकार की दलीलों पर कड़ा रुख अपनाया और अर्जी खारिज करने के साथ भारी जुर्माने की चेतावनी दी।
इसके बाद सरकार ने बिना शर्त माफी मांगते हुए याचिका वापस लेने की अनुमति देने का आग्रह किया। हाईकोर्ट ने यह अनुरोध स्वीकार करते हुए बिना कोई प्रतिकूल आदेश पारित किए याचिका वापस लेने की छूट दे दी। इसके बाद पंजाब सरकार ने अपनी याचिका वापस ले ली और हाईकोर्ट ने इसे वापस लिए जाने के आधार पर खारिज कर दिया। गौरतलब है कि इस मामले में कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) पहले ही ट्रायल कोर्ट में पेश किया जा चुका है और अब भारती एयरटेल लिमिटेड तथा रिलायंस इन्फोकॉम लिमिटेड के नोडल अधिकारियों को रिकॉर्ड की पुष्टि के लिए अदालत में बुलाया जाना था।
