पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने चरखी दादरी में एक दुकानदार के खिलाफ दर्ज एससी-एसटी एक्ट के मामले को रद्द कर दिया है। मामला 2023 में जलभराव की समस्या पर हुई एक सार्वजनिक सभा से जुड़ा है, जिसमें दुकानदार अशोक स्वामी ने तत्कालीन उपायुक्त के बारे में टिप्पणी की थी। शिकायत के अनुसार, उन्होंने कहा था कि अधिकारी ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 500वां स्थान हासिल किया था और वह कोटे से उपायुक्त बनी हैं। सभा में मौजूद कुछ लोगों ने इस टिप्पणी पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद कृषि विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
हाई कोर्ट में दायर याचिका में दुकानदार ने कहा कि उसका उद्देश्य किसी की जाति का अपमान करना नहीं था। उसने कहा कि वह जलभराव से परेशान व्यापारियों की समस्या उठा रहा था और टिप्पणी पर विरोध होने के बाद उसने हाथ जोड़कर माफी भी मांग ली थी।
जस्टिस एनएस शेखावत की पीठ ने मामले के रिकॉर्ड का परीक्षण करने के बाद कहा कि शिकायतकर्ता स्वयं अनुसूचित जाति से संबंधित नहीं था और न ही वह इस मामले में पीड़ित था। जिस तत्कालीन उपायुक्त के बारे में टिप्पणी की गई थी, वह भी जांच में शामिल नहीं हुईं और न ही उन्हें गवाह बनाया गया। अदालत ने पाया कि उपलब्ध सामग्री से यह साबित नहीं होता कि दुकानदार ने उपायुक्त को उनकी जाति के कारण अपमानित करने या अनुसूचित जाति के खिलाफ नफरत फैलाने के उद्देश्य से टिप्पणी की थी। अधिक से अधिक इसे उपायुक्त की योग्यता और कार्यक्षमता पर सवाल उठाने वाली टिप्पणी माना जा सकता है।
हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी टिप्पणी के आपत्तिजनक होने मात्र से एससी-एसटी अधिनियम के तहत अपराध साबित नहीं हो जाता। इसके लिए यह भी देखना जरूरी है कि टिप्पणी के पीछे जाति के आधार पर अपमानित करने की मंशा थी या नहीं। इसी आधार पर अदालत ने प्राथमिकी, आरोपपत्र और उनसे जुड़ी सभी आपराधिक कार्यवाही निरस्त कर दी।
