अजमेर जिले में चल रहे विश्व प्रसिद्ध पुष्कर पशु मेले में इन दिनों एक नन्ही भैंस लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मेले में जहां बड़े और खूबसूरत पशुओं की चर्चा हो रही है, वहीं महज 2 फीट ऊंची भैंस 'पिंकी' ने अपनी अनोखी कद-काठी से सबका ध्यान खींचा है। महाराष्ट्र के ठाणे से पुष्कर मेले में पहुंची पिंकी को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

पिंकी को देखने के लिए देशी-विदेशी पर्यटक ही नहीं, बल्कि पशुपालक भी उत्साहित नजर आ रहे हैं। लोग उसके साथ सेल्फी ले रहे हैं और उसकी छोटी कद-काठी देखकर हैरान हो रहे हैं। पशुपालक सोहिल शकील ने बताया कि पिंकी का छोटा कद किसी विशेष नस्ल की वजह से नहीं, बल्कि प्राकृतिक और जन्मजात है। उन्होंने बताया कि पिंकी की मां भी महज 3 फीट ऊंची थी और प्रतिदिन करीब 2 लीटर दूध देती थी। पिंकी की ऊंचाई केवल 2 फीट है और अभी तक उसका ब्याह नहीं हुआ है।

पशुपालक का दावा है कि पिंकी दुनिया की सबसे छोटी भैंस है और इससे छोटी भैंस कहीं नहीं है। अपने अनोखे आकार के चलते पिंकी पहले भी कई रिकॉर्ड बना चुकी है और टीवी और सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर चुकी है।

इससे पहले पुष्कर पशु मेले में दक्षिण भारत की ऐसी ही दुर्लभ नस्ल की नन्ही गायें भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी थीं। दक्षिण की पुंगनूर और मिनिएचर नस्ल की इन गायों को देखने के लिए पर्यटकों और पशुपालकों की भीड़ उमड़ी थी। इनका छोटा कद, सुंदर बनावट और खासियत हर किसी को हैरान कर रही है। खास बात यह है कि आकार में बेहद छोटी होने के बावजूद ये गायें रोजाना 4 से 5 किलो तक दूध देने की क्षमता रखती हैं। नन्ही भैंस पिंकी और इन दुर्लभ नस्ल की नन्ही गायों की मौजूदगी पशु मेले के आकर्षण को और बढ़ा रही है।