कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के इजरायल को लेकर दिए गए एक बयान पर सियासी घमासान मचा है। पिछले सप्ताह अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने इजरायल के साथ मजबूत संबंधों का समर्थन किया था। उन्होंने कहा था कि भारत की विदेश नीति इस बात पर निर्भर होनी चाहिए कि भारत के लिए क्या अच्छा है और हमारे कुछ रणनीतिक हित हैं। साथ ही उन्होंने 7 अक्टूबर के हमलों और गाजा में इजरायल की कार्रवाई की भी निंदा की थी। राहुल गांधी ने अपनी टिप्पणियों के कुछ हिस्से सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर किए थे।

इस बयान पर इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों ने सार्वजनिक रूप से आलोचना की है। सीपीआई (एम) नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोशल मीडिया पर कहा कि गांधी की टिप्पणियां फिलिस्तीन पर कांग्रेस के पाखंड को उजागर करती हैं और उनका रुख नेहरू की विरासत को कमजोर करता है। सीपीआई (एमएल) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने भी बयान पर नाराजगी जताई।

उल्लेखनीय है कि इजरायल के मुद्दे पर प्रियंका गांधी वाड्रा और सोनिया गांधी के रुख को राहुल गांधी के बयान से अलग बताया जा रहा है। प्रियंका गांधी ने इजरायली सरकार पर नरसंहार का आरोप लगाया था, जबकि सोनिया गांधी ने एक लेख में गाजा में इजरायल की कार्रवाई पर मोदी सरकार की चुप्पी की आलोचना की थी।