कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका की शिकागो यूनिवर्सिटी में एक बातचीत के दौरान बताया कि 56 साल की उम्र में भी वे खुद को युवा नेता क्यों मानते हैं। उन्होंने कहा कि युवा होने का पैमाना उम्र नहीं है, बल्कि जिज्ञासा बनाए रखना और सवाल पूछने से न डरना है।

राहुल गांधी से जब यह पूछा गया कि वे खुद को युवा नेता के तौर पर कैसे देखते हैं, तो उन्होंने कहा कि इंसान को जिज्ञासु बने रहना चाहिए और सवाल पूछने से कभी नहीं डरना चाहिए। उनके मुताबिक, भले ही सवाल अजीब या बेतुके लगें, लेकिन सवाल करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी यह नहीं माना कि कुछ सवाल नहीं पूछे जाने चाहिए।

शिकागो यूनिवर्सिटी में बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि अलग-अलग विषयों के प्रति जिज्ञासा रखना ही युवा होने की असली पहचान है। उन्होंने कहा, "देखिए, हर किसी की अपनी राय होती है, कोई कहेगा कि मैं युवाओं का नेता हूं। कोई कहेगा कि मैं बुजुर्गों का नेता हूं। कोई कुछ और कहेगा। मेरा मतलब है, यह ठीक है। हर किसी को अपना नजरिया रखने की छूट है।"

यह पूछे जाने पर कि युवा उनसे जुड़ाव क्यों महसूस करते हैं, राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें बचपन से ही जिज्ञासु बने रहने और अलग-अलग विषयों पर सवाल पूछने के लिए प्रोत्साहित किया गया था। उन्होंने कहा कि उन्हें सिखाया गया था कि हमेशा जिज्ञासु रहो और अपनी जिज्ञासा पर कोई सीमा मत लगाओ। इसलिए भू-राजनीति, महिलाओं के स्वास्थ्य, जानवरों या लगभग किसी भी विषय पर सवाल पूछे जाने चाहिए।