सोनिया गांधी की किताब के विरोध में हुए एक कार्यक्रम के दौरान शिवसेना (शिंदे गुट) की नेता शाइना एनसी ने कुछ तस्वीरें फाड़ी थीं, जिनमें बालासाहेब ठाकरे की फोटो भी शामिल थी। इसके बाद उन्होंने माफी मांगी और इसे गलती बताया, लेकिन उद्धव ठाकरे गुट की माफी से संतुष्ट नहीं है। शिवसेना (UBT) की पिंपरी-चिंचवड इकाई के अध्यक्ष चेतन पवार ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि शाइना एनसी को थप्पड़ मारने वाले को 71,000 रुपये का इनाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुंबई में पार्टी के एक पदाधिकारी ने पहले ही ऐसी घोषणा में एक लाख रुपये का इनाम रखा है।

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में हिंदुत्व विचारक वीडी सावरकर के जिक्र का विरोध करते हुए शिवसेना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी। इस दौरान पार्टी के नेताओं ने किताब के पन्ने फाड़े। शाइना को भी एक तस्वीर फाड़ते हुए देखा गया, जिसमें बालासाहेब ठाकरे कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के पुतले पर चप्पल मारते हुए दिख रहे थे।

शिवसेना (UBT) के नेताओं ने इसकी आलोचना की। शाइना ने जानबूझकर बालासाहेब का अपमान करने से इनकार किया और कहा कि उन्होंने तस्वीर का वह हिस्सा फाड़ा था जिसमें अय्यर दिख रहे थे, न कि दिवंगत शिवसेना संस्थापक की तस्वीर फाड़ी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी उनका बचाव किया।

विवाद बढ़ता देख गुरुवार को शाइना एनसी ने बालासाहेब के प्रशंसकों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि अगर उनकी किसी हरकत से उनकी भावनाओं को ठेस पहुंची हो तो इसके लिए माफी मांगती हैं। उन्होंने कहा कि उनका बालासाहेब का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था।