मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 150 लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर हुए इस कार्यक्रम में उन्होंने लोगों के प्रार्थना पत्र अपने हाथ में लेकर उनका अवलोकन किया और शिकायतों का संज्ञान लिया।
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता का अनुरोध करने वाले लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया कि सरकार उपचार में पूरी मदद करेगी। उन्होंने कहा कि हर जरूरतमंद का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा और इसके बाद भी जरूरत पड़ने पर विवेकाधीन कोष से सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनना सुनिश्चित हो, ताकि बीमारी की स्थिति में निर्बाध उपचार हो सके।
सीएम योगी ने लोगों से कहा कि वे चिंता न करें, सरकार उनके साथ खड़ी है। विभिन्न मामलों के निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र संदर्भित और हस्तगत किए। साथ ही निर्देश दिया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक होना चाहिए। जमीन कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने अधिकारियों को विधिसंगत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री की दिनचर्या परंपरागत रही। सुबह महायोगी गुरु गोरखनाथ और ब्रह्मलीन गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लेने के बाद उन्होंने मंदिर की गोशाला में गोसेवा की और गोवंश को अपने हाथ से रोटी व गुड़ खिलाया। उन्होंने भोलू नाम के बछड़े और छुटकी नाम की बछिया को पास बुलाकर दुलारा।
