जयपुर: राजस्थान में चर्चित 40 विला-कॉटेज खरीद मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एसीबी ने गोयल फैशन्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मुकुंद शरण गोयल, प्रबंध निदेशक संजय गोयल और अन्य लोगों को भी नामजद आरोपी बनाया है।
जांच एजेंसी के अनुसार, शुरुआती जांच में कई स्तरों पर गंभीर अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। आरोप है कि कंपनी के रिसॉर्ट्स के लिए लैंड कन्वर्जन, राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल की मंजूरियों और राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना (RIPS) के तहत दिए गए कस्टमाइज्ड पैकेज में नियमों को दरकिनार किया गया। यह भी आरोप है कि उद्योग विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) के पद पर रहते हुए शिखर अग्रवाल ने अपने पद का दुरुपयोग कर कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाया।
मामला तब सुर्खियों में आया था जब सामने आया कि शिखर अग्रवाल, उनकी आईपीएस पत्नी प्रशाखा माथुर और परिवार के अन्य सदस्यों ने ढाई साल की अवधि में इसी कंपनी से 40 विला और कॉटेज खरीदे थे। एक ही कंपनी से बड़ी खरीद और उसे प्रॉपर्टी लीज पर देने की बात सामने आने के बाद वित्तीय अनियमितताओं के सवाल उठने लगे थे।
इस बीच, शिखर अग्रवाल ने एसीबी की कार्रवाई के खिलाफ राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। उन्होंने जांच की मंजूरी और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है। इस याचिका पर गुरुवार, 19 नवंबर को सुनवाई होनी है।