सुभासपा अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र को समाज को गुमराह करने वाला बताया है। शनिवार को गौतमपल्ली स्थित अपने सरकारी आवास पर दूसरे दलों से आए नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाने के बाद उन्होंने यह बात कही। राजभर ने आरोप लगाया कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने घोषणापत्र में कानून-व्यवस्था सुधारने का वचन देकर यह स्वीकार किया है कि उनके शासनकाल में प्रदेश में गुंडाराज था और दंगे व बलात्कार होते थे। उन्होंने दावा किया कि अगले वर्ष होने वाले चुनाव में भी सपा खाली हाथ रहेगी और सरकार बनने की उम्मीद न होने के कारण ही सपा प्रमुख बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं।
पुरानी पेंशन योजना का मुद्दा उठाते हुए राजभर ने कहा कि वर्ष 2005 में सपा के शासनकाल में ही प्रदेश में यह योजना समाप्त की गई थी। उन्होंने सवाल किया कि यदि पार्टी नेताओं को बाद में अपनी गलती का अहसास हुआ था, तो वर्ष 2012 में सत्ता में लौटने पर पुरानी पेंशन योजना को बहाल क्यों नहीं किया गया। राजभर ने पूछा कि अब सपा किस आधार पर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का वादा कर रही है।
अखिलेश यादव के राजनीतिक सफर पर टिप्पणी करते हुए राजभर ने कहा कि वह एक्सप्रेसवे से फोर लेन पर उतरे और अब सिंगल ट्रैक पर चल रहे हैं। मीडिया के सवालों पर उन्होंने कहा कि डीएम, एसपी और अन्य अधिकारियों के बच्चों को आरक्षण व्यवस्था से बाहर करने का समय आ गया है।
कार्यक्रम में लोक जनशक्ति पार्टी के सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रकोष्ठ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ‘लंकेश’ सहित कई नेताओं ने सुभासपा की सदस्यता ली।
