रक्षा मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह शनिवार को जम्मू में भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। पदयात्रा सुबह दस बजे पंजतीर्थी स्थित रेडियो स्टेशन चौक से शुरू होकर परेड मैदान के पास ब्राह्मण सभा के निकट संपन्न होगी, जहां एक जनसभा भी आयोजित की जाएगी। राजनाथ सिंह सुबह विशेष हेलीकाप्टर से जम्मू पहुंचेंगे और कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद पुणे के लिए रवाना होंगे, जहां उनका दो दिवसीय दौरा निर्धारित है।

जनसभा की अध्यक्षता प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य सत शर्मा करेंगे, जबकि राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसमें जम्मू-कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर कश्मीर से पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।

इस अभियान के जरिए भाजपा विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई केंद्र सरकार के खिलाफ भ्रामक प्रचार कर देश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाते हुए जनता के बीच अपना पक्ष रखेगी। पार्टी का कहना है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं, संवैधानिक मूल्यों और देश की एकता को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का विरोध किया जाएगा। भाजपा ने 22 अक्टूबर को देशव्यापी यह अभियान शुरू किया था, जिसके तहत जनसभाओं, पदयात्राओं, युवा सम्मेलनों और जनसंपर्क कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर में सत शर्मा के नेतृत्व में इसे सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचाने की योजना है।

कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को सत शर्मा ने त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को चुनावों में पराजित विपक्ष की राजनीतिक हताशा का बंधक नहीं बनने दिया जा सकता और पार्टी लोकतांत्रिक नींव को कमजोर करने वाले प्रत्येक प्रयास का मजबूती से विरोध करेगी।